बंगाल, तमिलनाडु में राजग बड़ी जीत हासिल करेगा; लोगों ने कांग्रेस, उसके सहयोगियों को नकार दिया: शाह

अहमदाबाद. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के हर कोने में जनता ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों को खारिज कर दिया. उन्होंने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के आगामी चुनावों में जनता के समर्थन से बड़ी जीत हासिल करेगा. उन्होंने कहा की कि 2029 विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों और 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के बाद, अहमदाबाद 2036 ओलंपिक की भी मेजबानी करेगा.

शाह ने 1,500 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन खेल परिसर सहित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद अहमदाबाद नगर निगम के एक कार्यक्रम को संबोधित किया. शाह ने कहा कि भाजपा और उसके गठबंधन सहयोगियों ने बिहार में हाल के विधानसभा चुनावों में दो तिहाई बहुमत हासिल करके अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा तथा पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी बड़ी जीत दर्ज करेंगे, जहां अगले साल चुनाव होने हैं.

शाह ने कहा, “2014 के लोकसभा चुनाव से लेकर 2025 तक…यह भाजपा के लिए लगातार जीत का समय रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव में हमारे नेता नरेन्द्र भाई लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने और कई दशकों के बाद एक रिकॉर्ड बनाया.” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और अंत में बिहार में कांग्रेस का सफाया हो गया.

उन्होंने मतदाता सूची और ईवीएम को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोपों पर निशाना साधा. शाह ने कहा कि भाजपा और राजग के सहयोगियों ने बिहार में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाई, लेकिन राहुल गांधी ईवीएम और मतदाता सूची में खामियां ढूंढ रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि देश की जनता कांग्रेस और उसके गठबंधन सहयोगियों को स्वीकार नहीं कर रही है.” उन्होंने कहा, “आज इस मंच से मैं ममता बनर्जी (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री) और स्टालिन (तमिलनाडु के मुख्यमंत्री) से कहना चाहता हूं कि तैयार रहें. बिहार के बाद, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में राजग की बारी है.” शाह ने कहा कि भारत के लोगों ने हर क्षेत्र में देश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को एक महान राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है.

उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, विपक्षी दलों के पास न तो कोई नेता है, न ही कोई नीति, और देश के किसी भी कोने में उनकी स्वीकार्यता नहीं है. शाह ने कहा, “नतीजे आने दीजिए, बंगाल और तमिलनाडु में उनका (तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक) सफाया हो जाएगा.” शाह ने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण पूरा होने और उसके शिखर पर भगवा ध्वज फहराने के बाद, बिहार के सीतामढ़ी में सीता मैया को सर्मिपत मंदिर के निर्माण का काम जल्द ही शुरू होगा.

उन्होंने कहा, “नरेन्द्र भाई ने 2019 में अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन और 2024 में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह किया. 2025 में उन्होंने अयोध्या मंदिर पर भगवा ध्वज फहराकर पूरा कार्य संपन्न किया. जय श्रीराम. अयोध्या में राम मंदिर बनकर तैयार हो गया है.” शाह ने कहा कि उन्होंने और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चार महीने पहले सीता माता के जन्मस्थान पर उन्हें सर्मिपत एक मंदिर का भूमिपूजन किया था. उन्होंने कहा कि यह मंदिर 2026 तक उसी स्थान पर बन जाएगा. शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपार प्रसिद्धि और प्रतिष्ठा हासिल की है, जिससे भारतीय सभ्यता, संस्कृति और सनातन धर्म को दुनिया भर में पहचान मिली है.

उन्होंने अहमदाबाद के लोगों से 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार रहने की अपील की. उन्होंने कहा, “खेल सुविधाओं, कोंिचग व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, शहर के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और आवास सुविधाओं को देखते हुए, 2030 राष्ट्रमंडल खेल अहमदाबाद में आयोजित किए जाएंगे.” उन्होंने कहा, “यह भी तय हो गया है कि 2029 विश्व पुलिस और अग्निशमन खेल शहर में आयोजित किए जाएंगे. अहमदाबाद में 13 अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन होने हैं. और तैयार हो जाइए, क्योंकि 2036 ओलंपिक भी अहमदाबाद में ही आयोजित होंगे.”

 

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button