देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस

नयी दिल्ली. देशभर में बृहस्पतिवार को पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस का त्योहार मनाया गया. इस दौरान गिरजाघरों को रोशनी से सजाया गया, जबकि बड़ी संख्या में लोग मध्यरात्रि प्रार्थनाओं में शामिल हुए व शांति और सौहार्द के लिए प्रार्थनाएं कीं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी और प्रमुख राजनीतिक दलों के कई अन्य नेताओं ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं.

राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर लिखा, “क्रिसमस के इस पावन अवसर पर, मैं सभी नागरिकों, विशेष रूप से ईसाई समुदाय के भाइयों व बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं.” उन्होंने कहा कि क्रिसमस, खुशी और उत्साह का त्योहार है, जो प्रेम और करुणा का संदेश देता है. उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं.

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”आशा, प्रेम और दयालुता से परिपूर्ण आनंदमय क्रिसमस की सभी को शुभकामनाएं. ईसा मसीह का संदेश हमें अधिक मजबूत और संवेदनशील समुदाय बनाने के लिए प्रेरित करे और उनकी शिक्षाएं हमारे संबंधों को प्रगाढ. करते हुए स्थायी शांति को बढ.ावा दें.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन’ में क्रिसमस की प्रार्थनासभा में हिस्सा लिया. इस अवसर पर दिल्ली और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में आए ईसाई श्रद्धालु गिरजाघर में उपस्थित थे.
इस प्रार्थना सभा में प्रार्थनाएं, कैरल (गीत), भजन गाए गए. इसके अलावा इसमें दिल्ली के बिशप राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप द्वारा प्रधानमंत्री के लिए एक विशेष प्रार्थना भी शामिल थी.

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैंने दिल्ली के ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन’ में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना में हिस्सा लिया. प्रार्थना में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलक रहा था. आशा है कि क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और सामंजस्य को प्रेरित करेगी.” इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी थीं.
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, ”शांति, करुणा और आशा से भरे क्रिसमस की सभी को शुभकामनाएं. ईसा मसीह की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को सुदृढ. करें.” पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी नियमित रूप से ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं.

नड्डा ने बृहस्पतिवार को लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और ईसा मसीह के उपदेशों से प्रेरणा लेते हुए ‘मानवता की भलाई’ के लिए मिलकर काम करने की अपील की. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह अवसर अधिक मानवतावादी और सौहार्दपूर्ण समाज बनाने के पार्टी के सामूहिक संकल्प को मजबूत बनाएगा.

कांग्रेस ने छत्तीसगढ. के रायपुर में कुछ लोगों द्वारा क्रिसमस की सजावट को नुकसान पहुंचाने का एक वीडियो भी साझा किया और आरोप लगाया कि इससे “भाजपा सरकार का असली चेहरा उजागर हो गया है.” खरगे ने ‘एक्स’ पर लिखा, “क्रिसमस के इस खुशहाल अवसर पर, मैं सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. यीशु मसीह के जन्म का प्रतीक यह त्योहार हमें प्रेम, सहानुभूति, क्षमा, शांति व एकता के शाश्वत मूल्यों को बनाए रखने की प्रेरणा देता है.” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी क्रिसमस की शुभकामनाएं दी.

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश पोस्ट किया और कहा, “यह सीजन खुशी, सुख और समृद्धि लाए, और आपके जीवन को प्रेम व सहानुभूति से भर दे.” विभिन्न राज्यों में हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस मनाया गया. ईसाई बहुल मिजोरम में गिरजाघरों में सेवा और सामुदायिक भोज के साथ क्रिसमस मनाया गया. गिरजाघर सेवाओं के बाद पारंपरिक सामूहिक गायन सभाएं भी आयोजित की गईं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर ‘जैखौम’ कहा जाता है. मेघालय में गिरजाघरों में मध्यरात्रि सभाएं हुईं और रोशनी से जगमगाईं सड़कों पर कैरोल जुलूस आयोजित किए गए, जबकि धर्मगुरुओं ने लोगों से यीशु मसीह के जन्म से जुड़े आशा, शांति व प्रेम के संदेश पर चिंतन करने की अपील की.

कोलकाता में लोकप्रिय स्थानों जैसे अलीपुर चिडि़याघर, विक्टोरिया मेमोरियल, मैदान और ईको पार्क में लोग जुटे. झारखंड में गिरजाघरों ने विशेष मध्यरात्रि प्रार्थनाएं आयोजित कीं और श्रद्धालुओं ने शांति और समृद्धि की कामना की. इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं. गोवा में बृहस्पतिवार को मध्यरात्रि प्रार्थनाओं के साथ क्रिसमस मनाया गया और शहर, बाजार व घर त्योहार की रोशनी और सजावट से जगमगा रहे थे.

राज्यपाल पी. अशोक गजपति राजू और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस अवसर पर लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी और शांति व सौहार्द की अपील की. बृहस्पतिवार की सुबह के शुरुआती घंटों में, गोवा के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय लोग और पर्यटक सड़कों व समुद्र तटों पर जुटे. गोवा में 30 प्रतिशत आबादी ईसाई है.

केरल में हर्षोल्लास और प्रार्थनाओं के साथ क्रिसमस मनाया गया. राज्य के गिरजाघरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए. विशेष प्रार्थनाएं बुधवार शाम से शुरू हुईं और मध्यरात्रि सभाओं के साथ समाप्त हुईं. सिरो-मलाबार चर्च के प्रमुख राफेल थत्तिल ने कोच्चि के कक्कनद में माउंट सेंट थॉमस पर क्रिसमस की प्रार्थनाओं का नेतृत्व किया.

हालांकि, उत्सवों के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में ईसाइयों और क्रिसमस कार्यक्रमों पर हमले होने की खबरों ने भी चिंता उत्पन्न की.
मलंकारा कैथोलिक चर्च के मेजर आर्कबिशप कार्डिनल बेसलियस क्लीमिस ने कई क्षेत्रों में ईसाई समुदाय के सदस्यों को कथित तौर पर डर के साथ जीने के लिए मजबूर किये जाने पर चिंता जताई.

उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि क्रिसमस आशा और खुशी का दिन है और ईसाइयों को बिना डर के स्वतंत्र रूप से यह त्योहार मनाने का अधिकार होना चाहिए. उन्होंने शांति की अपील करते हुए लोगों से नफरत फैलाने वालों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करने का आ”ान किया और सत्तापक्ष से न्याय व जिम्मेदारी के साथ शासन करने की अपील की. मद्रास-मायलापोर के आर्कबिशप रेव जॉर्ज एंटोनीसामी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए कहा कि वह युद्ध, धार्मिक भेदभाव और सामाजिक बहिष्कार के अंत की अपील करते हैं. तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत विभिन्न राज्यों में भी क्रिसमस का उत्सव मनाया गया.

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button