तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को मिला चुनाव आयोग का नोटिस, SIR को लेकर सुनवाई के लिए किया तलब


नई दिल्ली:चुनाव आयोग ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उनके भाई मोहम्मद कैफ को तलब को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत सुनवाई के लिए समन भेजा है। यह प्रक्रिया 16 दिसंबर से शुरू हुई थी। सोमवार को दक्षिण कोलकाता के जादवपुर इलाके स्थित कार्तजू नगर स्कूल से नोटिस जारी किए गए, जिनमें दोनों को सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (AERO) के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया। हालांकि, नोटिस के अनुसार मोहम्मद शमी तय तारीख पर उपस्थित नहीं हो सके। फिलहाल वह विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और राजकोट में हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद शमी कोलकाता नगर निगम (KMC) के वार्ड नंबर 93 में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, जो रसबिहारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हालांकि, उनका जन्म उत्तर प्रदेश के अमरोहा में हुआ था, लेकिन वह कई वर्षों से कोलकाता के स्थायी निवासी हैं।
भारतीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे शमी
शमी फिलहाल बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्हें एक बार फिर चयनकर्ताओं की अनदेखी का सामना करना पड़ा है। हाल ही में न्यूजीलैंड के लिए चुनी गई वनडे टीम में उन्हें शामिल नहीं किया गया। पिछली बार वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के लिए खेलते नजर आए थे। इसके बाद से ही वह टीम से बाहर हैं।
घरेलू क्रिकेट में दिखाया है दम
राष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने के बाद से शमी घरेलू क्रिकेट में कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस तेज गेंदबाज ने मौजूदा सीजन में रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में 200 से अधिक ओवर फेंके हैं और कुल 47 विकेट लिए हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में शमी बंगाल के लिए सात पारियों में 15 विकेट लेकर सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के बाद शमी रणजी ट्रॉफी के शेष मैचों में खेलेंगे जिसके बाद आईपीएल शुरू होगा जहां वह लखनऊ सुपर जाएंट्स का प्रतिनिधित्व करेंगे।





