देवताले के शानदार प्रदर्शन से भारतीय पुरुष टीम ने शीर्ष तीन में जगह बनाई

शंघाई: पूर्व विश्व चैंपियन ओजस देवताले ने भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम का नेतृत्व करते हुए मंगलवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण के क्वालीफाइंग राउंड में व्यक्तिगत वर्ग में शीर्ष 10 में जगह पक्की की। र्बिलन में 2023 विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप जीतकर भारत के पहले पुरुष विश्व चैंपियन बने देवताले ने यहां क्वालीफाइंग में भारतीय खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 711 अंक हासिल करके कुल मिलाकर सातवां स्थान हासिल किया। इससे भारतीय टीम को भी फायदा हुआ और वह शीर्ष तीन में जगह बनाने में सफल रही।

साहिल जाधव ने भी 711 अंक बनाए लेकिन केंद्र पर सर्वाधिक निशाना लगाने के कारण देवताले उनसे आगे रहे। भारतीय टीम के एक अन्य खिलाड़ी कुशल दलाल ने कुल मिलाकर 18वें स्थान पर रहकर इस तिकड़ी को पूरा किया। इस तरह से भारत ने टीम स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया।
हालांकि एशियाई खेलों के पदक विजेता अभिषेक वर्मा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह 705 अंकों के साथ 25वें स्थान पर रहे, जिससे उन्हें टीम में जगह नहीं मिल पाई। लेकिन वह व्यक्तिगत एलिमिनेशन राउंड में हिस्सा लेंगे।

महिलाओं के कंपाउंड वर्ग में पूर्व विश्व चैंपियन अदिति स्वामी 700 अंकों के साथ 13वें स्थान पर रहीं। वह क्वालीफाइंग में शीर्ष पर रहने वाली अमेरिका की एलेक्सिस रुइज़ से सात अंक पीछे रही। भारत की अन्य खिलाड़ियों में प्रगति 697 अंकों के साथ 19वें स्थान पर रही, जबकि कई बार विश्व कप जीत चुकीं ज्योति सुरेखा वेन्नम 21वें स्थान पर खिसक गईं। इन तीनों खिलाड़ियों के कुल स्कोर को मिलाकर भारत को महिला टीम स्पर्धा में पांचवीं वरीयता मिली। मैक्सिको, दक्षिण कोरिया और अमेरिका शीर्ष तीन स्थानों पर रहे।

इस तरह से भारतीय खिलाड़ियों में अपने-अपने वर्ग में शीर्ष पर रहने वाले देवताले और अदिति कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में जोड़ी बनाकर खेलेंगे। इस जोड़ी ने कुल 1411 अंक बनाकर छठी वरीयता हासिल की। रिकर्व वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले बुधवार से शुरू होंगे।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button