आईपीएल 2026: बंगलूरू में नहीं होगा प्लेऑफ का कोई मैच, फाइनल 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। अब टूर्नामेंट निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां सभी टीमों के बीच प्लेऑफ को लेकर जंग दिलचस्प हो गई है। ऐसे में सभी को इस बात का इंतजार था कि बोर्ड 70 लीग मैचों के बाद का शेड्यूल कब जारी करेगा। अब जब शेड्यूल जारी हो चुका है तो उससे ज्यादा चर्चा बंगलूरू से फाइनल की मेजबानी छीने जाने को लेकर हो रही है। बोर्ड ने बंगलूरू से फाइनल की मेजबानी लेकर अहमदाबाद को दे दी है। फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

बंगलूरू से छीना गया फाइनल
पहले आईपीएल 2026 का फाइनल बंगलूरू में होना तय माना जा रहा था। बीसीसीआई ने अचानक स्थान बदलते हुए फाइनल अहमदाबाद को दे दिया। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने अपने बयान में कहा भी है, ‘बंगलुरु को मूल रूप से फाइनल की मेजबानी सौंपी गई थी, लेकिन स्थानीय संघ और प्रशासन की कुछ आवश्यकताओं के कारण, जो बीसीसीआई के तय दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, स्थान को बदल दिया गया।’

यही बयान अब विवाद का कारण बन गया है, क्योंकि फैंस जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसी कौन सी शर्तें थीं, जिनकी वजह से बंगलूरू से मेजबानी वापस लेनी पड़ी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया जा रहा है कि टिकट विवाद के कारण फाइनल की मेजबानी बंगलूरू से छीनी गई है। हालांकि फिलहाल सबसे बड़ी पहेली यही है कि बंगलूरू से फाइनल छिनना सिर्फ प्रशासनिक मामला था, या इसके पीछे कुछ और कहानी छिपी है?

तीन शहरों में होंगे प्लेऑफ मुकाबले
इस बार आईपीएल के प्लेऑफ तीन अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे। बीसीसीआई ने इसे विशेष परिस्थिति बताया है। बोर्ड ने कहा, ‘ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक वजहों आईपीएल 2026 प्लेऑफ इस सीजन तीन स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।’

प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल

क्वालिफायर-1

26 मई: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला
इस मुकाबले में अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें भिड़ेंगी। विजेता सीधे फाइनल में पहुंचेगा।

एलिमिनेटर

27 मई: न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर)
तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला। हारने वाली टीम बाहर होगी।

क्वालिफायर-2

29 मई: न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर)
क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम बनाम एलिमिनेटर की विजेता टीम। जीतने वाली टीम फाइनल में और हारने वाली टीम बाहर।

फाइनल

31 मई: नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
क्वालिफायर-1 की विजेता टीम और क्वालिफायर-2 की विजेता टीम के बीच सीजन का खिताबी मुकाबला।

आईपीएल 2026 प्लेऑफ की तारीख

मुकाबला तारीख स्थान
क्वालिफायर 1 26 मई धर्मशाला
एलिमिनेटर 27 मई न्यू चंडीगढ़
क्वालिफायर 2 29 मई न्यू चंडीगढ़
फाइनल 31 मई अहमदाबाद
अहमदाबाद में लगातार दूसरा आईपीएल फाइनल
पिछला फाइनल भी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। उस मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था। यानी दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लगातार दूसरा फाइनल होना अब लगभग तय है। इससे पहले भी यह मैदान बड़े आईपीएल मुकाबलों और फाइनल की मेजबानी कर चुका है। वहीं, आईपीएल 2024 का फाइनल चेपॉक में खेला गया था, क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 2023 में खिताब पर कब्जा जमाया था।

यानी लगातार दो साल से विजेता टीम के होम ग्राउंड को फाइनल की मेजबानी नहीं मिल रही है। आईपीएल 2023 का फाइनल अहमदाबाद में खेला गया था, क्योंकि 2022 में गुजरात टाइटंस ने खिताब पर कब्जा जमाया था। आईपीएल 2022 का फाइनल भी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था, जिसमें गुजरात ने राजस्थान को हराया था। आईपीएल 2021 का फाइनल दुबई में खेला गया था। यानी पिछले पांच साल में चार बार अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम ही आईपीएल फाइनल का मेजबान रहा है। फिलहाल सभी टीमों की नजर टॉप-दो में खत्म करने पर होगी ताकि सीधे क्वालिफायर-1 खेल सकें।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button