NEET Paper Leak: ‘किसी ने कर्ज लिया, किसी ने गहने बेचे… और मिला पेपर लीक’, राहुल गांधी ने साधा निशाना


कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा रद्द होने का मामला नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ बड़ा अन्याय है। राहुल गांधी ने कहा, “NEET 2026 की परीक्षा रद्द हो गई। 22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया।” उन्होंने कहा कि किसी पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया, किसी मां ने गहने बेचे और लाखों छात्रों ने रात-रात भर जागकर तैयारी की, लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में संगठित भ्रष्टाचार मिला।
राहुल गांधी ने कहा कि हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सजा भुगतते हैं। अब लाखों छात्रों को दोबारा मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “अगर किसी की तकदीर मेहनत से नहीं, बल्कि पैसे और पहुंच से तय होगी, तो फिर शिक्षा का मतलब क्या रह जाएगा?” राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का तथाकथित “अमृतकाल” अब देश के युवाओं के लिए “विषकाल” बन गया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटाले देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रहे हैं।
‘यह बहुत ही दुखद और मानसिक रूप से परेशान करने वाला होता है’
पेपर लीक के आरोपों के चलते NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर, एक NEET उम्मीदवार ने कहा, “अगर NTA जैसी इतनी बड़ी एजेंसी यह दावा करती है कि उसके पास GPS-ट्रैकिंग वाले वाहन हैं, तो ऐसी घटना होना ठीक नहीं है। इतनी कड़ी मेहनत करने के बाद, जब ऐसी कोई बात होती है, तो यह बहुत ही दुखद और मानसिक रूप से परेशान करने वाला होता है।”
उम्मीदवार ने जताया दुख
पेपर लीक के आरोपों के चलते NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर, NEET के एक उम्मीदवार युवराज सिंह ने कहा, “मैं अगले साल NEET की परीक्षा दूंगा। 2024 में भी ऐसा ही हुआ था। इस तरह की खबरों से उम्मीदवारों को बहुत ज़्यादा मानसिक आघात पहुंचता है।”






