ब्रूस ली की फिल्म ‘एंटर द ड्रैगन’ ने मुझे ताइक्वांडो सीखने की प्रेरणा दी: मुख्यमंत्री


इंफाल: मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने कहा कि अभिनेता ब्रूस ली की फिल्म ‘एंटर द ड्रैगन’ ने उन्हें ताइक्वांडो सीखने के लिए प्रेरित किया। सिंह ने बृहस्पतिवार शाम यहां मणिपुरी फिल्म कार्यक्रम में कहा, ”मैं यह बताना चाहता हूं कि सिनेमा इंसानों को प्रेरित कर सकता है। एक सरल उदाहरण यह है कि 1978/79 में जब ब्रूस ली की फिल्म ‘एंटर द ड्रैगन’ आयी, तो इसने मुझे प्रेरित किया। मैं लखनऊ भी गया और ताइक्वांडो सीखा।”
सिंह (63) ने मणिपुरी फिल्मों के विकास के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया। वह 16 वर्ष की आयु से ही इस मार्शल आर्ट का अभ्यास कर रहे हैं। सिंह का राजनीति के अलावा ताइक्वांडो से भी गहरा जुड़ाव रहा है। वह ब्लैक बेल्ट धारक हैं तथा भारतीय ताइक्वांडो महासंघ के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह पूर्वोत्तर में इस खेल को बढ़ावा देने में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। उन्होंने 1982 में ‘आॅल असम ताइक्वांडो एसोसिएशन’ की भी स्थापना की।






