विश्व कप फुटबॉल के दौरान स्टेडियम में फिर से भरने वाली पानी की बोतलें नहीं ला सकेंगे दर्शक


कोरल गेबलेस: फीफा ने अपनी नीति में ऐन मौके पर बदलाव करते हुए उत्तर अमेरिका में होने वाले फुटबॉल विश्व कप के मैचों में फिर से भरी जाने वाली पानी की बोतलें स्टेडियम में लाने पर रोक लगा दी है। स्टेडियम आचार संहिता की इंग्लैंड के प्रशंसकों के एक समूह ने कड़ी ंिनदा की है जिसका कहना है कि फीफा ने आश्वासन दिया था कि भीषण गर्मी के बीच होने वाले टूर्नामेंट में स्टेडियम में मुफ्त पानी की व्यवस्था रहेगी और दर्शक प्लास्टिक की खाली बोतलें ला सकेंगे।
फ्री लायंस प्रशंसक समूह ने एक बयान में कहा ,”हमें तो यही लग रहा है कि पैसा कमाने के लिये यह किया जा रहा है।” विश्व कप स्टेडियमों में पानी, सोड़ा और जूस फीफा के पुराने प्रायोजक कोका कोला द्वारा बेचे जायेंगे। इस साल विश्व कप में व्हाइट हाउस कार्यबल के कार्यकारी निदेशक एंड्रयू जियुलियानी ने कहा ,” दर्शक पानी की बोतल किसी पर फेंक सकते हैं और हथियार की तरह उनका इस्तेमाल कर सकते हैं।
फीफा ने कल इस फैसले की घोषणा की है लिहाजा मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता।” फीफा के स्टेडियम नियमों में कहा गया है कि दर्शक पारदर्शी छोटी पानी की बोतल ला सकते हैं जिसमें फिर से पानी भरा जा सके। लेकिन अब नये नियम के तहत ऐसी बोतलें मैदान में नहीं लाई जा सकेंगी।






