बंगाल बम विस्फोट मामले में तीन जगहों पर एनआईए की रेड, बम तैयार करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार


कोलकाता: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के अमता इलाके में तलाशी के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 2022 में हुए उस बम धमाके के सिलसिले में की गई है, जिसमें बम बनाने वालों में से एक की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हो गए थे। एनआईए ने जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे विस्फोटक पदार्थ तैयार करने का काम करते थे।
जांच एजेंसी के अनुसार, हावड़ा (ग्रामीण) के अमता इलाके के रहने वाले असफार मिड्ड्या और एंताजुल मिड्ड्या को मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी आरोपियों के संदिग्ध ठिकानों पर तीन जगहों पर तलाशी अभियान चलाने के बाद हुई है। इन दोनों आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपियों के तौर पर की गई है। इन्हीं के निर्देश पर 23 फरवरी 2022 को अमता पुलिस स्टेशन इलाके में चंद्रपुर बाजार के पास अवैध रूप से देसी बम बनाए जा रहे थे।
बम बनाने के दौरान हुए धमाकों में जहधर मोल्ला, मोहब्बत मोल्ला, मोइनुर रहमान और एसके महरम बुरी तरह घायल हो गए थे। इनमें से एसके महरम की बाद में चोटों के कारण मौत हो गई। अप्रैल 2024 में स्थानीय पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने वाली एनआईए ने पाया कि असफार और एंटजुल बम बनाने का काम संभाल रहे थे। इन बमों का मकसद इलाके के लोगों को डराना-धमकाना और उनमें दहशत फैलाना था। एनआईए द्वारा केस संख्या RC-08-2024/NIA/DLI में पहले ही चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इस मामले की जांच अभी भी जारी है।






