फीफा विश्वकप में राउंड ऑफ-16 की 10 टीमें तय; बाकी छह जगहों के लिए किनकी दावेदारी मजबूत, आगे क्या?

फीफा विश्वकप 2026 का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। ग्रुप स्टेज के बाद जैसे ही टूर्नामेंट नॉकआउट दौर में पहुंचा, सांस रोक देने वाले मुकाबले खेले जा रहे हैं। राउंड ऑफ-32 में कई ऐसे मौके आए हैं, जिसमें मैच आखिरी कुछ मिनटों में पलट गया है। यह टूर्नामेंट पहली बार 48 टीमों के साथ खेला जा रहा है, जबकि पहले 32 टीमें हिस्सा लेती थीं और राउंड ऑफ-16 से नॉकआउट शुरू होता था। हालांकि, अब राउंड ऑफ 32 से नॉकआउट का दौर चालू है और लगता है फीफा ने टूर्नामेंट की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। कई बड़ी टीमें बाहर हो चुकी हैं और कई टीमें बाल-बाल बची हैं। कागज पर कमजोर दिखने वाली टीमों ने कमाल का खेल दिखाया है।
अब तक राउंड ऑफ-32 के 10 मुकाबले खेले जा चुके हैं राउंड ऑफ-16 के लिए 10 टीमें मिल चुकी हैं। इन 10 मैचों में दिलचस्प टक्कर देखने को मिलीं। चार बार की चैंपियन जर्मनी और नीदरलैंड्स जैसी टीमें इस राउंड से बाहर हो चुकी हैं। वहीं, राउंड ऑफ 32 में छह और मैच खेले जाने हैं और छह टीमों का फैसला होना है। इन छह मैचों में यूरोप और दक्षिण अमेरिका की कुछ बड़ी टीमें किस्मत अजमाती दिखेंगी। अगले दो दिनों में पुर्तगाल, क्रोएशिया, अर्जेंटीना, स्पेन, स्विट्जरलैंड और कोलंबिया जैसी टीमों की किस्मत तय होंगी। ऐसे में फैंस को रोमांच का भरपूर डोज मिलना तय है।
सवाल: राउंड ऑफ-32 के सांसें रोक देने वाले कौन से पांच बड़े मुकाबले रहे?
बेल्जियम 3-2 सेनेगल (एक्स्ट्रा टाइम में गया मैच): 85वें मिनट तक बेल्जियम 0-2 से पीछे था, लेकिन रोमेलू लुकाकू और यूरी टाइलेमांस ने तीन मिनट में दो गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। फुल टाइम के बाद स्कोर 2-2 से बराबर रहने की वजह से मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया। इसके बाद 124वें मिनट में टाइलेमांस ने पेनल्टी पर गोल कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। यह विश्व कप इतिहास का सबसे देर से किया गया गोल भी बना।
इंग्लैंड 2-1 डीआर कांगो: डीआर कांगो ने सातवें मिनट में बढ़त बना ली थी और 75वें मिनट तक इंग्लैंड बाहर होने की कगार पर था। इसके बाद कप्तान हैरी केन ने 75वें और 86वें मिनट में दो गोल कर इंग्लैंड को शानदार वापसी के साथ राउंड ऑफ 16 में पहुंचाया।
जर्मनी 1-1 (3-4 पेनल्टी) पराग्वे: जर्मनी का एक गोल विवादित फैसले में रद्द हुआ और मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा। यहां पराग्वे ने 4-3 से जीत दर्ज कर चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को टूर्नामेंट से बाहर कर बड़ा उलटफेर किया।
नीदरलैंड्स 1-1 (2-3 पेनल्टी) मोरक्को: निर्धारित समय और एक्स्ट्रा टाइम तक मुकाबला बराबरी पर रहा। पेनल्टी शूटआउट में मोरक्को के गोलकीपर ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर नीदरलैंड्स को बाहर कर दिया।
अमेरिका 2-0 बोस्निया और हर्जेगोविना: फोलारिन बालोगुन के रेड कार्ड के बाद अमेरिका को करीब 30 मिनट तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने शानदार डिफेंस किया और 2-0 की जीत दर्ज कर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
सवाल: अब तक कौन-कौन सी टीमें राउंड ऑफ 16 में पहुंच चुकी हैं?
अब तक 16 में से 10 टीमों ने प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में जगह पक्की कर ली है। इनमें सह-मेजबान कनाडा, मेक्सिको और अमेरिका के अलावा मोरक्को, पैराग्वे, फ्रांस, ब्राजील, नॉर्वे, इंग्लैंड और बेल्जियम शामिल हैं।
सवाल: राउंड ऑफ 32 में सबसे बड़ा उलटफेर किसने किया?
सबसे बड़ा उलटफेर पराग्वे और मोरक्को ने किया। पराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को बाहर कर दिया, जबकि मोरक्को ने नीदरलैंड्स को हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
सवाल: सबसे रोमांचक मुकाबला कौन-सा रहा?
बेल्जियम और सेनेगल के बीच खेला गया मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। बेल्जियम 85वें मिनट तक 0-2 से पीछे था, लेकिन रोमेलू लुकाकू और कप्तान यूरी टाइलेमांस के गोल की बदौलत मैच 2-2 से बराबर किया। इसके बाद अतिरिक्त समय के आखिरी मिनट (124:44) में टाइलेमांस ने पेनल्टी पर गोल कर टीम को 3-2 से जीत दिलाई। यह फीफा विश्व कप इतिहास का सबसे देर से किया गया गोल भी बन गया।
सवाल: राउंड ऑफ 32 में अब तक किसका किससे सामना हुआ और क्या रहा नतीजा?
मुकाबला परिणाम
दक्षिण अफ्रीका vs कनाडा कनाडा 1-0 से जीता
ब्राजील vs जापान ब्राजील 2-1 से जीता
जर्मनी vs पराग्वे पराग्वे पेनल्टी शूटआउट में जीता
नीदरलैंड्स vs मोरक्को मोरक्को पेनल्टी शूटआउट में जीता
आइवरी कोस्ट vs नॉर्वे नॉर्वे 2-1 से जीता
फ्रांस vs स्वीडन फ्रांस 3-0 से जीता
मेक्सिको vs इक्वाडोर मेक्सिको 2-0 से जीता
इंग्लैंड vs डीआर कांगो इंग्लैंड 2-1 से जीता
बेल्जियम vs सेनेगल बेल्जियम 3-2 (एक्स्ट्रा टाइम)
अमेरिका vs बोस्निया-हर्जेगोविना अमेरिका 2-0 से जीता
सवाल: आने वाले मैचों में किन बड़े खिलाड़ियों पर रहेंगी नजर?
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल और लियोनल मेसी की अर्जेंटीना अभी अपना राउंड ऑफ 32 मुकाबला खेलेंगी। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजर रहेगी। इसके अलावा स्पेन के लामिन यमाल और केप वर्डे के वोजिन्हा के प्रदर्शन पर भी फैंस की नजरें होंगी। क्रोएशिया के दिग्गज लुका मॉड्रिच से भी सभी को उम्मीदें हैं। स्विटजरलैंड के कप्तान जाका भी संभवत: अपना आखिरी विश्वकप खेल रहे हैं। इसके अलावा मिस्र के मोहम्मद सालाह भी सुर्खियां बटोरना चाहेंगे। कोलंबिया के जेम्स रोड्रिगेज भी अपनी टीम को राउंड ऑफ 16 में पहुंचाना चाहेंगे।






