मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से मिला त्वरित समाधान, हितग्राही को उपलब्ध कराया गया प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन

शिकायत पर तत्काल जांच कर प्रशासन ने कराया समस्या का निराकरण, हितग्राही ने जताया संतोष

रायपुर, 26 जुलाई 2026. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड के ग्राम नर्मदापुर निवासी श्रीमती जगेश्वरी यादव द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन नहीं मिलने संबंधी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई गई। शिकायत प्राप्त होते ही जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच प्रारंभ की।

जांच के दौरान संबंधित अधिकारी नैतिक भारत गैस ग्रामीण वितरक, विजलहवा पहुंचे और शिकायत का विस्तृत परीक्षण किया। मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक जानकारी एकत्रित की गई तथा संबंधित व्यक्तियों के कथन दर्ज किए गए। जांच के समय शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति में उनके पति श्री दयाशंकर यादव ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। आधार कार्ड एवं विभागीय अभिलेखों के सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन पूर्व में ही स्वीकृत किया जा चुका था। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए मौके पर ही श्री दयाशंकर यादव को गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिया गया, जिससे शिकायत का तत्काल एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित हुआ।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से समयबद्ध कार्रवाई होने पर हितग्राही परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है, जहां शिकायतों पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाती है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर आमजन तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button