मोदी के ‘विजन’ को पूरा करने के लिए पूरी लगन से काम करें: नितिन नवीन ने भाजपा महासचिवों से कहा

नयी दिल्ली. भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ अपनी पहली आधिकारिक बैठक की तथा पार्टी को और मजबूत करने की योजनाओं सहित कई विषयों पर चर्चा की. यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष, संयुक्त महासचिव (संगठन) शिवप्रकाश और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, सुनील बंसल, राधामोहन दास अग्रवाल, विनोद तावड़े, दुष्यंत गौतम और तरुण चुघ उपस्थित थे. अरुण सिंह और राधा मोहन दास अग्रवाल दोनों भाजपा के राज्यसभा सदस्य भी हैं.

नवीन को 14 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था और संभावना है कि वह अंतत: जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे, जो सत्तारूढ़ पार्टी में एक पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है. भाजपा ने एक बयान में कहा, ”भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ बैठक की और विभिन्न विषयों पर उनसे विस्तृत चर्चा की.” बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ नवीन की यह ”पहली आधिकारिक बैठक” थी.

भाजपा ने कहा कि बैठक में पार्टी के संगठन और आगामी कार्यक्रमों सहित कई विषयों पर चर्चा हुई. बयान में कहा गया, ”बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी को अपने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को पूरा करने तथा पार्टी को और मजबूत करने के लिए पूरी लगन से मिलकर काम करना चाहिए.”

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button