छत्तीसगढ़ पुलिस को मिला ‘राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज’, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

रायपुर । छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है, जब उन्हें ‘राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज’ प्रदान किए जाने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह ध्वज देश के चुनिंदा राज्यों की पुलिस इकाइयों को दिया जाता है, जो 25 वर्षों की अनुकरणीय सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने नक्सल मोर्चे पर साहस और दृढ़ता के साथ कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए यह सम्मान अर्जित किया है, जो उनकी उत्कृष्ट सेवा का प्रमाण है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने 16 फरवरी 2018 को गृह विभाग के माध्यम से यह प्रस्ताव भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिली है। इस सम्मान के साथ, पुलिस बल के जवान इस ध्वज की प्रतिकृति को अपनी वर्दी पर प्रतीक चिन्ह के रूप में धारण करेंगे, जो उनके शौर्य और सेवा का प्रतीक होगा।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर कहा, “यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस के साहस, अनुशासन और देशभक्ति का प्रमाण है। हमारे जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी नक्सलियों के खिलाफ सफलता प्राप्त की है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है। यह ध्वज हमारे पुलिस बल के हौसले को और ऊंचा करेगा और उन्हें राज्य की सुरक्षा और सेवा में प्रेरित करेगा।”

मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि उन बहादुर जवानों के प्रति आदर है जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना राज्य की शांति और सुरक्षा बनाए रखी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ की जनता को भी गर्व का अवसर प्रदान किया है, जो राज्य की पुलिस की सेवा और समर्पण का सम्मान करती है।

राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज: एक राष्ट्रीय मान्यता
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति का ध्वज (कलर्स) एक विशेष सम्मान है, जो किसी पुलिस या सैन्य बल को उनकी असाधारण सेवाओं के लिए दिया जाता है। यह पुरस्कार 25 साल की लगातार वीरता और समर्पण के साथ दी गई सेवाओं की समीक्षा के बाद प्रदान किया जाता है। 2023 में यह सम्मान हरियाणा पुलिस को मिला था।

छत्तीसगढ़ पुलिस के इस सम्मान से राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी और पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button