कांग्रेस जीत का दावा तो करती है, लेकिन आँकड़ों का ज्ञान नहीं रहता : सौरभ सिंह

रायपुर । भारतीय जनता पार्टी की त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा है कि अभी गाँवों में लोकतंत्र का उत्सवी वातावरण देखते ही बन रहा है! गाँवों में भी भाजपा समर्थित पंच, सरपंच, जनपद व जिला पंचायत सदस्यों के रूप में भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जीतकर आ रहे हैं। सिंह ने कहा कि भाजपा के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में व्यक्त अगाध जन-विश्वास की आंधी में कांग्रेस तिनके की तरह उड़ रही है और हताश-निराश कांग्रेस नेता घरों में खामोश बैठ गए हैं। प्रदेश में जो विष्णु का सुशासन है, वह पूरे प्रदेश में दिखाई पड़ रहा है। भाजपा के पक्ष में यह ऐतिहासिक परिणाम जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को उनके जन्मदिन पर समर्पित किया है।

सौरभ सिंह ने शुक्रवार को एकात्म परिसर में आहूत प्रेस ब्रीफ में पंचायत चुनावो के दो चरणों के अब तक घोषित परिणामों में भाजपा की प्रचण्ड जीत का दावा करते हुए बताया कि पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का चुनाव 17 फरवरी को हुआ, दूसरा चरण का चुनाव 20 फरवरी को हुआ और देर रात से उसके परिणाम सुबह तक आ रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य के लिए हुए चुनाव में प्रथम चरण में 160 सीटों में से भाजपा 125 सीटों में चुनाव जीती। दूसरे चरण में 124 सीटों के लिए हुए मतदान में 97 सीटों पर भाजपा या हमारे समर्थित लोग चुनाव जीत गए हैं। चार सीटों के परिणाम परिणाम अभी आने शेष हैं। इस तरह प्रथम चरण में जिला पंचायत में हमारा स्ट्राइक रेट 75 प्रतिशत था और द्वितीय चरण में हमारा स्ट्राइक रेट 80 प्रतिशत है।

दूसरे चरण के बाद 13-14 जिले ऐसे हैं जिनमें बहुमत से मामूली अंतर से कुछ दूर है जबकि कुछ में काउंटिंग बाकी है। उसमें हम आ जाएंगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए ऐतिहासिक जीत की ओर भारतीय जनता पार्टी जा रही है। सिंह ने कहा कि प्रथम चरण में प्रदेश की कुल 140 जनपद पंचायतों में से 52 जनपद पंचायत में चुनाव हुए और उसमें 40 जनपद पंचायत में हमारा बहुमत है। बाकी जनपद पंचायत में भी हमारे सदस्य जीतकर आएंगे। दूसरे चरण में 40 जनपद पंचायत क्षेत्र में चुनाव हुआ उसमें भी अभी तक प्राप्त अंकों के अनुसार 26 जनपद पंचायत में हमारा बहुमत है और यह बहुमत का आंकड़ा 32-33 तक जा सकता है। इसी प्रकार प्रदेश में 11,600 ग्राम पंचायतों के दो चरण के मतदान के बाद भी 70 से 80 प्रतिशत सरपंच भाजपा के बने हैं। इन तीनों चरणों में 1.60 लाख पंच निर्वाचित होने हैं और उनमें भी दो तिहाई से भाजपा उम्मीदवार जीत कर आ रहे हैं।

सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो कांग्रेस दावा करती थी कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर हम नगरीय निकायों में बहुमत में आ जाते। लेकिन अब बैलेट पेपर से हो रहे पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का सूपडा साफ हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेष बघेल के विधानसभा पाटन में सभी निकाय की सीटों पर कांग्रेस हार गई। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित सभी बडे कांग्रेस नेताओं के क्षेत्र में निकाय चुनाव में करारी हार हुई। अब पंचायत चुनाव में कांग्रेस की दयनीय हालत देखकर इनके नेता हार मानकर घर बैठ गए हैं। कांग्रेस के जितने नेता हैं, सभी न जाने कहां चले गए हैं? उनको कुछ समझ नहीं आ रहा है! हमारे जमीनी स्तर के कार्यकर्ता जीतकर आ रहे हैं। आने वाले समय में कांग्रेस जमीनी स्तर से साफ हो जाएगी।

प्रेस ब्रीफ के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल और प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के उपस्थित थे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button