भाजपा नेता अन्नामलाई का इस्तीफा नितिन नवीन ने किया स्वीकार, पूर्व IPS आज बताएंगे आगे का प्लान

भाजपा नेता अन्नामलाई का इस्तीफा: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इस घटनाक्रम के साथ ही अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों को और बल मिला है। आज अन्नामलाई दोपहर 12 बजे सोशल मीडिया पर समर्थकों और जनता से संवाद करेंगे।

सिंघम नाम से जाने जाते हैं अन्नामलाई
पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई, जिन्हें उनके समर्थक सिंघम के नाम से जानते हैं, ने 2020 में भाजपा का दामन थामा था। इसके एक वर्ष बाद उन्हें तमिलनाडु भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। हाल ही में उनकी दिल्ली यात्रा और भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।

हाल ही में की थी अमित शाह से मुलाकात
अन्नामलाई ने 2 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद चेन्नई और कोयंबटूर समेत कई प्रमुख स्थानों पर उनके समर्थकों ने पोस्टर लगाए, जिनमें उन्हें थलाइवर (नेता) और निडर सोच वाला नेता बताया गया। कुछ समर्थकों ने उनके नेतृत्व में नए राजनीतिक आंदोलन की भी वकालत की।

आज बताएंगे अपने आगे का प्लान
गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अन्नामलाई ने कहा कि वह शुक्रवार को अपने विचार साझा करेंगे और लोगों के साथ खुलकर बातचीत करेंगे। माना जा रहा है कि इस संवाद के दौरान वह अपनी दिल्ली यात्रा, भाजपा नेतृत्व के साथ हुई चर्चाओं और अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button