‘ईरान के हमलों में कई अमेरिकी लड़ाकू विमान क्रैश’, बोला कुवैत का रक्षा मंत्रालय


नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ईरान पर हवाई हमले किए थे, जिनमें ईरान के कई शहर निशाने पर आए। आज फिर ईरान की राजधानी तेहरान के विभिन्न हिस्सों में लगातार जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं हैं। हालात लगातार बदल रहे हैं और क्षेत्र में संभावित बड़े संघर्ष का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता जारी है।
कुवैत में कई अमेरिकी लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश में कई अमेरिकी लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इन विमानों में सवार सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हादसों के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की सूचना नहीं है।
बगदाद में हिजबुल्ला ठिकानों पर अमेरिका-इस्राइल का मिसाइल हमला
इराक की राजधानी बगदाद के दक्षिण में स्थित जुर्फ अल-सखर इलाके में ईरान समर्थित अर्धसैनिक संगठन कताइब हिजबुल्ला के ठिकानों पर अमेरिका और इस्राइल की ओर से संयुक्त मिसाइल हमला किए जाने की खबर है। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, हमले में कई ठिकानों, वाहनों और गोदामों को गंभीर क्षति पहुंची है तथा कुछ स्थानों पर आग लगने की सूचना है। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
ईरान का दावा- कुवैत में मार गिराया अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-15
ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि कुवैत में अमेरिकी सेना का एक F-15 लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है। इस विमान के क्रैश होने का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें विमान में आसमान में ही आग लगते हुई देखी जा सकती है। F-15 फाइटर जेट दुनिया के सबसे घातक और आधुनिक लड़ाकू विमानों में एक माना जाता है। हालांकि विमान में आग लगते ही पायलट पैरासूट लेकर कूद गया जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, अभी तक इस खबर की किसी ने पुष्टि नहीं की है।






