IND vs NZ: टी20 विश्वकप के 19 साल के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा! टूट गया यह तिलिस्म; भारत बना चैंपियन

IND vs NZ: टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। खिताबी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया और तीसरी बार इस प्रारूप में चैंपियन बनी। भारत ने एक बड़ा मिथक तोड़ा और टी20 विश्वकप के 19 साल के इतिहास में चैंपियन बनने वाली पहली मेजबान टीम बनी।

इसे आप श्राप कहें या दुर्भाग्य कहें या फिर तिलिस्म, जो इस टी20 विश्वकप से पहले नहीं टूट सका था। हालांकि, अब खिताब जीतकर टीम इंडिया ने तिलिस्म तोड़ दिया है। टी20 विश्वकप के 19 साल के इतिहास में पहली बार कोई मेजबान देश चैंपियन बना है।
आइए अब तक रिकॉर्ड के बारे में जानते हैं-

2007: टी20 विश्वकप के पहले संस्करण यानी 2007 में दक्षिण अफ्रीका मेजबान था, लेकिन टीम सुपर-8 राउंड से ही बाहर हो गई थी। भारत ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल और खिताब अपने नाम किया था।

2009: इंग्लैंड 2009 में टी20 विश्वकप का मेजबान था। हालांकि, टीम सुपर-8 राउंड में खराब प्रदर्शन के बाद बाहर हो गई थी। पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

2010: वेस्टइंडीज ने 2010 में टी20 विश्वकप की मेजबानी की थी। हालांकि, स्टार्स से सजी टीम सुपर-8 में ही हारकर बाहर हो गई थी। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

2012: श्रीलंका को 2012 में टी20 विश्वकप की मेजबानी दी गई थी। संगकारा और जयवर्धने जैसे स्टार्स से सजी टीम फाइनल में तो पहुंची, लेकिन वेस्टइंडीज के हाथों हार मिली। 2026 में भारत से पहले सिर्फ श्रीलंका ही ऐसी टीम है, जो मेजबान होते हुए फाइनल में पहुंच पाई है।

2014: बांग्लादेश को 2014 में टी20 विश्वकप की मेजबानी मिली थी। हालांकि, टीम सुपर-10 में ही हारकर बाहर हो गई थी। श्रीलंका और भारत फाइनल में पहुंचे और श्रीलंका की टीम ने भारत को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।

2016: भारत को 2016 टी20 विश्वकप की मेजबानी मिली थी। टीम सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हारकर बाहर हो गई थी। बाद में वेस्टइंडीज टीम ही चैंपियन बनी थी। उसने फाइनल में इंग्लैंड को शिकस्त दी थी।

2021: 2021 में पहले तो भारत मेजबान था, लेकिन कोविड की वजह से यूएई और ओमान में मैचों को शिफ्ट किया गया। यूएई और ओमान की टीमें ग्रुप स्टेज में ही हारकर बाहर हो गई थीं। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।

2022: ऑस्ट्रेलिया को 2022 टी20 विश्वकप की मेजबानी मिली, लेकिन टीम सुपर-12 राउंड से ही बाहर हो गई। फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।

2024: वेस्टइंडीज और अमेरिका को 2024 टी20 विश्वकप की मेजबानी मिली थी। हालांकि, दोनों टीमें सुपर-8 राउंड में ही हारकर बाहर हो गई थी। फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।

2026: इस बार भारत और श्रीलंका मेजबान थे। हालांकि, श्रीलंका की टीम सुपर-8 राउंड में बाहर हो गई। वहीं, भारत श्रीलंका के बाद बतौर मेजबान फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी। भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया और तिलिस्म तोड़ दिया। भारतीय टीम बतौर मेजबान टी20 चैंपियन बनने वाली पहली टीम बनी।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button