बीसीसीआई ने गिल को चुना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर?: सचिन-अश्विन की इस मामले में करेंगे बराबरी; द्रविड़ को भी सम्मान

भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को साल 2025 के लिए बीसीसीआई के प्रतिष्ठित ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया जा सकता है। ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार को ‘पॉली उमरीगर क्रिकेट ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड भी कहा जाता है। वहीं, राहुल द्रविड़ भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजे जा सकते हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का वार्षिक सम्मान समारोह ‘नमन’ 15 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में कई खिलाड़ियों और क्रिकेट हस्तियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।

सचिन-अश्विन की बराबरी करेंगे
शुभमन दूसरी बार यह पुरस्कार जीतेंगे। इससे पहले साल 2023 में भी उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। दूसरी बार यह अवॉर्ड जीतने के साथ ही शुभमन सचिन तेंदुलकर और रविचंद्रन अश्विन की बराबरी कर लेंगे। इन दोनों ने भी यह अवॉर्ड दो-दो बार जीता था। इन तीनों से ज्यादा बार इस अवॉर्ड से विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह ही सम्मानित हुए हैं। कोहली पांच बार बीसीसीआई के साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर रहे हैं, वहीं बुमराह ने तीन बार यह अवॉर्ड जीता है।

टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
26 वर्षीय शुभमन ने पिछले साल यानी 2025 टेस्ट और वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, उन्हें हाल ही में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी, लेकिन बाकी दो फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन बेहद दमदार रहा। शुभमन ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 983 रन बनाए। इसमें इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर खेली गई सीरीज में 754 रन शामिल रहे, जो उनकी बेहतरीन फॉर्म को दर्शाता है। इंग्लैंड से टेस्ट सीरीज में उनका औसत 70 से अधिक रहा और उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।

वनडे और आईपीएल में भी दमदार फॉर्म
वनडे क्रिकेट में भी गिल ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल 490 रन बनाए, जिसमें भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली मुहिम में बनाए गए 188 रन भी शामिल हैं। अगर सभी फॉर्मेट को मिलाकर देखा जाए तो गिल ने पिछले साल कुल 1,764 रन बनाए, जिनमें सात शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे। उनका औसत करीब 49 का रहा। इसके अलावा आईपीएल में भी गिल का बल्ला खूब चला। गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए और टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने 650 रन बनाए और लगभग 50 के औसत से बल्लेबाजी की।

द्रविड़ को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
इस समारोह में भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट में उनके शानदार योगदान के लिए ‘कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जा सकता है। द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारत ने 2024 में टी20 विश्व कप भी जीता था, जो भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि रही। घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन योगदान के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को ‘सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट संघ’ के पुरस्कार से सम्मानित किया जा सकता है।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button