‘वंदे मातरम्’ और चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान सत्तापक्ष की धज्जियां उड़ा दीं: राहुल

नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि विपक्ष ने संसद में ‘वंदे मातरम्’ और चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान सत्तापक्ष की धज्जियां उड़ा दीं और गृह मंत्री अमित शाह मानसिक रूप से परेशान थे।

उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में यह आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पूरा तंत्र ‘वोट चोरी’ में शामिल रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘हमने संसद में हुई ‘वंदे मातरम्’ और मतादाता सूची के गहन विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा में उनकी (सत्तापक्ष) धज्जियां उड़ा दी। अमित शाह सदन में मानसिक रूप से परेशान थे, बहुत दबाव में थे। उन्होंने सदन में गाली तक दे दी। इसके पीछे कारण है कि वह और उनका पूरा सिस्टम ‘वोट चोरी’ में शामिल था।’’

इससे पहले राहुल गांधी ने, निचले सदन के कांग्रेस सदस्यों के साथ शुक्रवार को बैठक की, जिसमें उन्होंने वर्तमान शीतकालीन सत्र के दौरान ‘वंदे मातरम्’ और चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान पार्टी सांसदों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार अब इन दोनों विषयों पर दबाव में है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

राहुल गांधी ने कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों के साथ संसद भवन परिसर में यह बैठक की, जिसमें पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल को श्रद्धांजलि भी दी गई। पाटिल का 90 वर्ष की आयु में शुक्रवार को निधन हो गया। बैठक के बाद कांग्रेस सूत्रों ने बताया, ‘‘नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार वंदे मातरम् और चुनाव सुधारों के मुद्दों पर दबाव में है तथा हमारे सांसदों ने चर्चा के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया।’’

सदन में कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘यह नियमित तौर पर होने वाली बैठक थी। नेता प्रतिपक्ष हर सत्र में सांसदों के साथ बैठक करते हैं। कामकाज का मूल्यांकन करते हैं। सांसदों के विचारों को सुनते हैं।’’

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button