सुपर-8 के पहले मैच में हार से बिगड़ा भारत का गणित: नेट रन रेट बना नई टेंशन! सेमीफाइनल के लिए पूरा समीकरण समझिए

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में पहले ही मैच भारत की हार निराशाजनक रही। अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने 76 रन से करारी शिकस्त दी। इस हार ने न सिर्फ अंक तालिका में भारत को पीछे धकेला, बल्कि नेट रन रेट (NRR) पर भी गहरी चोट पहुंचाई। सुपर-8 के दो ग्रुप हैं और दोनों ग्रुप में चार-चार टीमें हैं। हर ग्रुप से शीर्ष-दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी।

अंक तालिका की मौजूदा तस्वीर

सुपर-8 ग्रुप 1 में दक्षिण अफ्रीका दो अंकों और +3.800 के शानदार नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है, जबकि भारत एक मैच में हार के बाद शून्य अंक और -3.800 NRR के साथ सबसे नीचे खिसक गया है। -3.800 नेट रन रेट का मतलब है कि भारत को अगले दोनों मैच भारी अंतर से जीतने होंगे। हालांकि, दोनों मैच में जीत भी भारत को सेमीफाइनल की गारंटी नहीं देता है। सुपर-8 ग्रुप-1 की बाकी दो टीमें, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे आज एक-दूसरे के खिलाफ अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत करेंगी। स्पष्ट है कि भारत के लिए अपना और ग्रुप की दूसरी टीमों का भी, यानी आगे का हर मैच निर्णायक बन चुका है।

टीम इंडिया को कैसे मिली हार?

दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187/7 का मजबूत स्कोर बनाया। डेविड मिलर (63) और डेवाल्ड ब्रेविस (45) ने मध्य ओवरों में तेज रन बटोरकर भारत को बैकफुट पर ला दिया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3/15 की बेहतरीन गेंदबाजी की, लेकिन अन्य गेंदबाज लय में नहीं दिखे। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यकुमार की कप्तानी वाली टीम कभी भी मुकाबले में नियंत्रण बनाती नजर नहीं आई। पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई। मार्को यानसेन ने चार विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती

कुल मिलाकर भारत के सामने अब दो अहम लक्ष्य हैं-
दोनों मुकाबले जीतना।
नेट रन रेट में सुधार करना।
बल्लेबाजी में स्थिरता लानी होगी।
गेंदबाजों को डेथ ओवरों में नियंत्रण दिखाना होगा।
रणनीतिक तौर पर प्लेइंग-11 का सही संतुलन जरूरी है।
अगर भारत को अंतिम चार में जगह बनानी है, तो सिर्फ जीत काफी नहीं, बल्कि दमदार जीत दर्ज करनी होगी। सुपर-8 में मिली 76 रन की हार ने भारत के सेमीफाइनल अभियान को मुश्किल बना दिया है। अब टीम के पास वापसी का मौका है, लेकिन चूक की गुंजाइश नहीं। समीकरण साफ है, दोनों मैच जीतिए, वरना नेट रन रेट और दूसरी टीमों के भरोसे रहना पड़ेगा।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button