परमाणु ऊर्जा विधेयक और ‘जी राम जी’ विधेयक को संसदीय समिति के पास भेजा जाए: कांग्रेस


नयी दिल्ली. कांग्रेस ने सोमवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि परमाणु ऊर्जा विधेयक, उच्च शिक्षा विधेयक और मनरेगा के स्थान पर लाए जाने वाले विधेयक को संसद की संबंधित स्थायी समिति के पास भेजा जाए. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘समूचा विपक्ष इस बात की मांग कर रहा है कि तीन दूरगामी प्रभाव वाले विधेयकों को संबंधित स्थायी समिति के पास भेजा जाए. हमें उम्मीद है कि संसदीय परंपराओं और प्रथाओं के अनुरूप सरकार इस मांग को स्वीकार करेगी.’’ उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा आयोग विधेयक, परमाणु ऊर्जा विधेयक और ‘जी राम जी’ विधेयक पर गहन अध्ययन और व्यापक परामर्श आवश्यक है.
सरकार ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम’ (मनरेगा) को निरस्त करने और इस संबंध में एक नया कानून बनाने के लिए लोकसभा में विधेयक ला सकती है. नए विधेयक का नाम ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ होगा. इस नये विधेयक को ही ‘विकसित भारत- जी राम जी, विधेयक-2025’ कहा जा रहा है. विधेयक की प्रतियां लोकसभा सदस्यों को बांटी गई हैं. सरकार ने ‘विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, 2025’, ‘भारत के रूपांतरण के लिए नाभिकीय ऊर्जा का संधारणीय दोहन और अभिवर्धन (शांति) विधेयक, 2025’ सोमवार को लोकसभा में पेश किए.




