IPL 2026: KKR-LSG मैच में भारी चूक! छक्के को दिया गया चौका; क्या अंपायरिंग में बड़ी गलती से हारी लखनऊ की टीम?


लखनऊ: आईपीएल 2026 का 38वां मैच विवादों में आ गया है। इस मैच में कुछ ऐसा हुआ है, जिस पर फैंस ने सवाल खड़े किए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच इकाना स्टेडियम में खेला गया यह मैच सुपरओवर में पहुंचा, जिसमें केकेआर ने जीत हासिल की। हालांकि, इस मैच में अंपायरिंग में भारी चूक नजर आई है और सोशल मीडिया पर फैंस इसको लेकर खूब पोस्ट कर रहे हैं और गंभीर आरोप भी लगा रहे हैं। फैंस का कहना है कि लखनऊ की पारी के दौरान ऋषभ पंत के एक शॉट को छक्के की जगह चौका दिया गया और अंपायरिंग में इसी बड़ी गलती की वजह से लखनऊ को हार का सामना करना पड़ा।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, नोआ नाम के सोशल मीडिया यूजर ने एक्स पर कुछ ऐसा पोस्ट किया है, जिसने सभी को चौंका दिया। उस फैन ने मैच पर बारीकी से नजर रखा और एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में उस फैन का दावा है कि लखनऊ की पारी के दौरान 12वें ओव में ऋषभ पंत स्ट्राइक पर थे और कार्तिक त्यागी गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी स्लोअर ऑफ कटर गेंद पर पंत ने फाइन लेग पर शॉट खेला। इसे अंपायर ने चौका दिया।
वीडियो में उसी शॉट के रीप्ले में छक्के की लंबाई मापने का मीटर दिखाया गया और लंबाई 63 मीटर दिखाई गई। साथ ही हाइट भी 12 मीटर मापी गई। ऐसा छक्के की लंबाई मापने के लिए ही किया जाता है। हालांकि, इसके बावजूद अंपायर ने इसे दोबारा चेक नहीं किया। फैन का कहना है कि वीडियो में गेंद साफ तौर पर बाउंड्री के उस पार गिरती दिख रही है। फैन का आरोप है कि इसके बावजूद चौका ही दिया गया और अंपायरिंग में भारी भूल हुई।
दो रन बने निर्णायक
यही दो रन आखिर में निर्णायक बने और मैच टाई होने के बाद सुपरओवर में गया। फैन का आरोप है कि अगर ठीक से चेक हुआ होता तो लखनऊ की टीम जीत गई होती। फैन ने कैप्शन में लिखा, ‘11.1 ओवर में कार्तिक त्यागी की गेंद पर ऋषभ पंत का शॉट साफ तौर पर छक्का नजर आया, लेकिन अंपायर ने इसे सिर्फ चौका करार दिया। स्कोर में चार रन जोड़े गए और मैच सुपर ओवर तक पहुंच गया…क्या स्क्रिप्ट राइटर्स ओवरटाइम कर रहे हैं या फिर यह सिर्फ एक बड़ी अंपायरिंग चूक थी?’
मैच टाई हुआ और सुपरओवर में गया
मैच की बात करें तो केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 155 रन बनाए। कैमरन ग्रीन ने 34 रन की पारी खेली। वहीं, रिंकू सिंह ने 51 गेंद में सात चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 83 रन की पारी खेली। लखनऊ की ओर से मोहसिन खान ने पांच विकेट झटके। जवाब में लखनऊ की टीम भी 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन ही बना सकी। एडेन मार्करम ने 31 रन बनाए। वहीं, कप्तान पंत ने 38 गेंद में 42 रन की पारी खेली। आयुष बदोनी ने 24 रन बनाए। केकेआर की ओर से वैभव अरोड़ा और वरुण ने दो-दो विकेट लिए। लखनऊ को 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर टाई कराने के लिए छह रन चाहिए थे और शमी ने कार्तिक त्यागी की गेंद पर छक्का मारकर मैच सुपरओवर में पहुंचाया
लखनऊ की टीम आखिरी स्थान पर
सुपर ओवर में लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और तीन गेंद में ही दो विकेट गंवा दिए। लखनऊ की टीम एक रन ही बना सकी। इसके बाद रिंकू सिंह ने सुपरओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर मैच केकेआर को जिता दिया। इस जीत के साथ केकेआर की टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं, लखनऊ आठ में से छह मैच हारकर 10वें स्थान पर है।






