पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, दो मजदूरों की हुई मौत और कई घायल, धमाके से दहल उठा इलाका


देवास: मध्य प्रदेश के देवास स्थित एक पटाखा फैक्टरी में गुरूवार सुबह भीषण विस्फोट हुआ। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। यह हादसा देवास के एबी रोड स्थित टोंककला में चलने वाली एक पटाखा फैक्टरी में हुआ।
फैक्टरी में काम कर रहे थे कई मजदूर
देवास कलेक्टर ऋतु राज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पर काबू पा लिया गया है। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि विस्फोट के समय फैक्टरी में कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक आग कैसे लगी इसकी भी जांच हो रही है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद सभी घायलों को देवास जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्टरी से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।






