चीन ने ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता की पाकिस्तान की कोशिशों को ‘अटूट समर्थन’ का वादा किया


इस्लामाबाद: चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने पाकिस्तान के नेतृत्व को बधाई दी और अमेरिका व ईरान के बीच मध्यस्थता के उसके प्रयासों के लिए ”अटूट समर्थन” का वादा किया। इस्लामाबाद स्थित विदेश कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में यह जानकारी दी गयी।
बयान में बताया गया कि बुधवार को पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार और चीन के उनके समकक्ष के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई।
बयान के अनुसार, बातचीत में ईरान-अमेरिका शांति प्रक्रिया, खासकर स्विट्जरलैंड में पाकिस्तान और कतर की मध्यस्थता में हुई उच्चस्तरीय वार्ता के पहले दौर पर चर्चा हुई। वांग ने शांति और स्थिरता के लिए पाकिस्तान के अथक प्रयासों की सराहना की। बयान के मुताबिक, ”उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर में निहित विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के महत्व को रेखांकित करते हुए पाकिस्तान के मध्यस्थता प्रयासों के लिए चीन के अटूट समर्थन को दोहराया।”
डार ने बताया कि बातचीत के दौरान पिछले सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत मध्यस्थता प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक उच्चस्तरीय समिति के गठन पर भी सहमति बनी। बयान में बताया गया कि दोनों नेताओं ने अमेरिका व ईरान के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने के लिए पाकिस्तान और चीन के मिलकर काम करने के संकल्प को दोहराया।






