राजस्थान में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी: अशोक गहलोत


जयपुर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में ”कुशासन” का माहौल है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।
अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा, ”राजस्थान में जो सरकार चल रही है उसकी चर्चा हर घर में, हर गांव में है। अगर कुशासन की ऐसी ही स्थिति बनी रही तो नुकसान जनता को है।” गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जनता को सुशासन देने की अपील की।
उन्होंने कहा, ”हम चाहते हैं कि आप सुशासन दो….पांच साल राज करो…हमें एतराज नहीं। अगली बार तो हमारा सत्ता में आना निश्चित है…हम जानते हैं कि सरकार कांग्रेस की बनेगी, पर कम से कम पांच साल जनता के काम होने चाहिए।” प्रश्नपत्र लीक रोधी कानून में संशोधन करने वाले विधेयक के लोकसभा से पारित होने पर पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा, ”ये विधेयक तो केंद्र सरकार के लिए ‘फेस सेंिवग’ वाली बात है। जो वादा किया था उसको निभाना था।
मैं समझता हूं कि अगर वे विपक्षी दलों से सलाह करके लाते तो और अच्छा विधेयक ला सकते थे।” इस बीच, पूर्व मंत्री महेन्द्रजीत ंिसह मालवीय ने आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल के साथ गहलोत से मुलाकात की। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस और आदिवासी समाज का रिश्ता आजादी की लड़ाई से लेकर आज तक बेहद मजबूत और आत्मीय रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव आदिवासी समाज के हक और सम्मान के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी रहेगी।






