ओडिशा को महानदी के जल पर जल्द ही अपना अधिकार मिलेगा: मुख्यमंत्री


भुवनेश्वर. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के साथ विवाद के कानूनी और सौहार्दपूर्ण समाधान के माध्यम से ओडिशा को जल्द ही महानदी नदी के जल पर अपना अधिकार मिल जाएगा. माझी ने विधानसभा में कांग्रेस सदस्य ताराप्रसाद बहिनीपति के लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए यह बात कही.
मुख्यमंत्री ने कहा, “महानदी को ओडिशा की जीवन रेखा माना जाता है और राज्य सरकार पिछले डेढ़ साल से कानूनी और सौहार्दपूर्ण बातचीत के जरिए जल बंटवारे के विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रही है. ओडिशा को बहुत जल्द उसका अधिकार मिल जाएगा.” ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच महानदी जल बंटवारे को लेकर विवाद एक दशक से अधिक समय से जारी है, क्योंकि छत्तीसगढ़ ने कथित तौर पर नदी के ऊपरी हिस्से में कई बैराज और बांध बना लिए हैं, जिससे नीचे की ओर पानी का मुक्त प्रवाह अवरुद्ध हो गया है.




