बरेली में बड़ी कार्रवाई: मौलाना तौकीर के करीबी वाजिद बेग के बरातघर पर गरजा बुलडोजर, भारी पुलिस फोर्स तैनात

बरेली: बरेली में 26 सितंबर को शहर में बवाल कराने के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबी प्रॉपर्टी डीलर वाहिद बेग के बरातघर पर भी मंगलवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बुलडोजर चलाया। सुबह 11:30 से बीडीए की पोकलेन मशीन और दो बुलडोजर बरातघर को जमींदोज करने में जुट गए। कार्रवाई शुरू होने के दौरान कुछ महिलाओं में विरोध जरूर किया था, लेकिन पुलिस बल की सक्रियता से उनका विरोध प्रदर्शन काम नहीं आया और बीडीए ने तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी थी।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी गांव में स्थित वाहिद बेग के बरातघर को ध्वस्त करने की कार्रवाई का कारण बीडीए मानचित्र स्वीकृत न होना बता रहा है। बरातघर को जमींदोज करने के लिए जिला प्रशासन ने मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में रामजन्म यादव को तैनात कर रखा है। साथ में एटीएम सिटी सौरभ दुबे भी मौजूद हैं। यहां पुलिस फोर्स का नेतृत्व एसपी सिटी मानुष पारीक कर रहे हैं। जबकि बीडीए की तरफ से संयुक्त सचिव दीपक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर हैं।

सुनवाई के अवसर को वाहिद ने की अनदेखी
बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर वाजिद वेग ने ग्राम फरीदापुर चौधरी, सिकलापुर रोड पर लगभग 400 वर्ग मीटर में बाउंड्री कवर करते हुए बरातघर का निर्माण कर रखा है। स्थल पर कोई स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखाया गया। इस मामले में वाहिद बेग को छह अक्तूबर को नोटिस भी जारी किया गया था। इसी दिन बरातघर को सील किया गया था।

नोटिस पर सुनवाई के लिए 18 अक्तूबर की तारीख निर्धारित की गई थी, लेकिन प्रॉपर्टी डीलर पेश नहीं हुआ। फिर 11 नवंबर को वाहिद बेग की तरफ से उनके भाई आविद वेग हाजिर हुए थे और सील खोलने का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर शासन में दायर पुनरीक्षणवाद वाजिद वेग बनाम बीडीए में विशेष सचिव के स्तर से चार नवंबर को जारी आदेश की प्रति प्रस्तुत की गई थी।

विशेष सचिव ने जारी किए थे आदेश

बीडीए के संयुक्त सचिव ने बताया कि वाहिद बेग के भाई की तरफ से प्रस्तुत की गई विशेष सचिव के आदेश के प्रति में निर्देश दिए गए थे कि पुनरीक्षणकर्ता को सुनवाई का अवसर प्रदान कर उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरणों के लिए मॉडल भवन निर्माण एवं विकास उपविधि तथा मॉडल जोनिंग रेगुलेशन्स 2025 के आलोक में प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें। जिसके क्रम में संपूर्ण कार्रवाई के बाद अब वाहिद बेग के बरातघर को ध्वस्त किया जा रहा है।

बरातघर में रची गई थी साजिश

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि बीडीए द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाने रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि 26 सितंबर को शहर में बवाल के मामले की जांच में यह प्रकाश में आया है कि यहां फरीदापुर चौधरी में मीटिंग हुई थी, जिसमें साजिश रची गई थी। हालांकि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बीडीए नियमानुसार कर रहा है।

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button