‘संदेसे आते हैं’ के बगैर ‘बॉर्डर-2’ अधूरी, मुझे यकीन है कि हमें श्रेय दिया जाएगा: अनु मलिक

मुंबई. संगीतकार अनु मलिक का कहना है कि ‘बॉर्डर-2’ 1997 में प्रर्दिशत अपनी प्रीक्वल फिल्म ‘बॉर्डर’ के ‘संदेसे आते हैं…’ गीत के बिना अधूरी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि गाने के नये संस्करण के ‘क्रेडिट’ में उनका और गीतकार जावेद अख्तर का नाम भी शामिल किया जाएगा.

‘संदेसे आते हैं…’ के नये संस्करण ‘घर कब आओगे…’ का संगीत मिथुन ने तैयार किया है, जबकि इसकी अतिरिक्त पंक्तियां मनोज मुंतशिर ने लिखी हैं. ‘घर कब आओगे…’ को सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ की आवाज में रिकॉर्ड किया गया है.

अनु मलिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, “मैं मानता हूं कि इस गाने को नये सिरे से तैयार किया गया है और मैं इसका हिस्सा नहीं हूं. लेकिन मुझे यकीन है कि वे ‘क्रेडिट’ में मेरा नाम जरूर शामिल करेंगे, क्योंकि मूल गीत मैंने ही तैयार किया था. उन्हें ऐसा करना भी चाहिए, क्योंकि वे मेरे योगदान के बारे में जानते हैं और इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते.”

उन्होंने कहा, “वे ‘संदेसे आते हैं’ के बिना ‘बॉर्डर 2’ नहीं बना सकते. इस गाने में अनु मलिक और जावेद अख्तर दोनों का योगदान है, इसलिए उन्हें ‘क्रेडिट’ में हमारा नाम किसी न किसी रूप में जरूर शामिल करना होगा.” जेपी दत्ता निर्देशित ‘बॉर्डर’ में सनी देओल, जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी और अक्षय खन्ना ने अहम किरदार निभाए थे. वहीं, ‘बॉर्डर-2’ के निर्देशन की जिम्मेदारी अनुराग सिंह ने संभाली है और फिल्म में सनी के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे.

अनु मलिक ने उम्मीद जताई कि ‘संदेसे आते हैं…’ का नया संस्करण मूल गाने जितना ही “शानदार” होगा, क्योंकि इसे सोनू और अरिजित जैसे बेहतरीन गायकों ने गाया है. मूल गीत को सोनू और रूप कुमार राठौर की आवाज में रिकॉर्ड किया गया था. अनु मलिक ने कहा, “सोनू एक बेहतरीन गायक हैं और अरिजीत की आवाज में भी जादू है. इसलिए, अरिजीत और सोनू का यह मेल जादुई होगा, लेकिन धुन अनु मलिक की होगी. अनु मलिक और जावेद साहब के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.”

अनु मलिक ने याद किया कि कैसे उन्होंने और जावेद अख्तर ने अपने घर पर महज साढ़े सात मिनट में यह गाना तैयार कर दिया. उन्होंने कहा कि जब वह और जावेद साहब ‘संदेसे आते हैं…’ के बोल और धुन पर काम कर रहे थे, तभी उनके दिमाग में एक पुरानी धुन गूंजी और इस तरह चंद मिनटों में पूरा गाना तैयार हो गया.

अनु मलिक ने कहा, “गाना तैयार करते समय मेरे दिमाग में ‘ऐ गुजरने वाली हवा बता…’ धुन आई और मैं इसे गुनगुनाने लगा, तभी जावेद साहब ने कहा, “इसे फिर से गुनगुनाओ.” मैंने यह धुन किसी और निर्देशक के लिए तैयार की थी, लेकिन उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया था. जावेद साहब ने मुझसे कहा कि क्या तुम इस धुन को उस बोल में पिरो सकते हो, जो हमने लिखे हैं. मैंने कहा-ठीक है.” अनु मलिक के मुताबिक, “इसके बाद जावेद साहब अचानक उठे और मुझे गले लगा लिया. उन्होंने कहा कि तुमने यह गाना महज साढ़े सात मिनट में तैयार कर दिया.” ‘बॉर्डर 2’ अगले साल 23 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button