नड्डा ने खरगे पर मोदी सरकार के खिलाफ ‘झूठ’ फैलाने का आरोप लगाया

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ “झूठ” फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि मुख्य विपक्षी दल एक के बाद एक चुनाव में लोगों द्वारा खारिज किए जाने के बावजूद “झूठ” फैलाने से पीछे नहीं हट रहा है. इससे पहले ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में खरगे ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ पार्टी की “लूट, भ्रष्टाचार और कुशासन” 2025 में भी देश की जनता पर हावी रहा.

नड्डा ने पलटवार करते हुए खरगे से पूछा कि क्या कांग्रेस के पास “झूठ फैलाने” के अलावा और कोई काम नहीं है? भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खरगे को संबोधित करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “कांग्रेस मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में हार गई और दिल्ली और बिहार में भी उसका सफाया हो गया. 2025 में देश की जनता ने आपके सभी झूठों को खारिज कर दिया. इसके बावजूद, आप झूठ फैलाना बंद नहीं कर रहे हैं.” नड्डा ने खरगे से कहा कि वह “आत्ममुग्ध” होने और “झूठ” फैलाने के बजाय आत्मनिरीक्षण करें.

खरगे के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा प्रमुख ने कहा, ”आपने मनरेगा पर झूठ बोला कि इसे ख.त्म कर दिया गया है और ग.रीबों के “काम का अधिकार” छीन लिया गया है जबकि सच्चाई यह है कि मनरेगा को ”वीबी जी राम जी” के रूप में और व्यापक बनाया गया है, काम के दिनों को बढ़ा कर 125 किया गया है, 15 दिन में भुगतान सुनिश्चित किया गया है और इससे ग्राम सशक्तीकरण को जोड़ा गया है.”

नड्डा ने कहा, ”वैसे भी जब संसद में इस पर चर्चा चल रही थी तो आपके ‘नेता’ इस चर्चा को छोड़ कर भारत विरोधी जॉर्ज सोरोस द्वारा वित्तपोषित ‘ग्लोबल प्रोग्रेसिव एलायंस’ में भारत विरोधी लोगों से मिल रहे थे. सही कहा न?” भाजपा के खिलाफ खरगे के “वोट चोरी” आरोप पर नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा कि उन्होंने इस मामले में निर्वाचन आयोग के समक्ष कितनी याचिकाएं दायर की हैं.

भाजपा प्रमुख ने कहा, ”आपने फिर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और बीएलओ (बूथ स्तरीय अधिकारी) को लेकर झूठ बोला और कहा कि लोगों का “वोटिंग का अधिकार” छीना गया और भाजपा की वोट चोरी पकड़ी गई- खरगे जी, ये तो देश की जनता ने आपके झूठ को पकड़ा और अदालत में भी आपका झूठ खारिज हुआ.”

नड्डा ने कहा, ”बिहार में क्या हुआ खरगे जी? आपके कितने बीएलए (बूथ स्तरीय एजेंट) जमीन पर उतरे? आपने कितनी शिकायत निर्वाचन आयोग से की? जनता की वोट चोरी तो हुई नहीं, उन्होंने तो अपने मताधिकार का प्रयोग कर आपकी ‘बूथ चोरी’ और झूठ की दुकान बंद कर दी.” देश की अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाने के लिए खरगे की आलोचना करते हुए नड्डा ने कहा कि भारत आज न केवल दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, बल्कि वैश्विक उथल-पुथल के बीच दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भी है, जबकि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासन के दौरान भारत को “कमजोर पांच” अर्थव्यवस्थाओं में रखा गया था.

नड्डा ने आरोप लगाया, ”भारत का विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड ऊंचाई पर है लेकिन आपको ये दिखाई नहीं देगा क्योंकि आपकी मंशा तो देश को बदनाम करने की है.” अरावली खनन, निकोबार, हसदेव और मुंबई के मैंग्रोव वनों के बारे में खरगे की टिप्पणियों पर, नड्डा ने पलटवार करते हुए उन पर “पाखंड” करने और “झूठ” फैलाने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस की सरकारों में पहाड़ों की खुली लूट हो रही थी. कांग्रेस ने अरावली को खोद-खोद कर उजाड़ने का काम किया. आपकी सरकार ने अरावली को बचाया नहीं, बल्कि अरावली को बेचा. हमने तो अदालत के निर्णयानुसार उस पर रोक लगाई और खनन को सीमित किया.” न्यायपालिका के बारे में नड्डा ने कहा कि अभी भी खरगे की पार्टी के लोग न्यायपालिका पर दबाव बना रहे हैं और अपमान कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ”आपके हिसाब का फैसला नहीं हुआ तो उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ आप महाभियोग लेकर आ गए, अब मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति के खिलाफ महाभियोग लेकर आ गए. दो प्रधान न्यायाधीश का पद पर रहते हुए आपने उनका अपमान किया.”

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button