भाजपा में अध्यक्ष की घोषणा पहले, फिर चुनाव का ऐलान, लेकिन वह भी नहीं हुआ: कांग्रेस


नयी दिल्ली: कांग्रेस ने नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नया अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद सत्तारूढ़ दल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अध्यक्ष की घोषणा पहले कर दी गई और फिर चुनाव का ऐलान किया गया, लेकिन वह भी नहीं हुआ। पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अब इस्तीफा देना चाहते हैं क्योंकि भाजपा अध्यक्ष के चुनाव में उनकी कोई भूमिका नहीं रही और चुनाव को ”प्रभावित करने का” का मौका भी नहीं मिला।
नितिन नवीन को मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। उन्होंने जेपी नड्डा का स्थान लिया है। इस बारे में पूछे जाने पर खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ”चुनाव कहां हुआ है, इसे चुनाव क्यों कहा जाए? आपने अध्यक्ष पहले घोषित कर दिया और फिर कहा कि चुनाव होगा, लेकिन चुनाव नहीं हुआ। ज्ञानेश कुमार गुप्ता इसके विरोध में इस्तीफा देना चाहते हैं क्योंकि उनकी कोई भूमिका नहीं है, वह कुछ प्रभावित नहीं कर सके, कुछ हेरफेर नहीं कर सके।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि स्वामी अविमुक्तवेश्वरानंद की आंखों से आंसू निकल रहे हैं और प्रधानमंत्री एवं भाजपा के लोग ‘बिग बॉस’ का गेम खेल रहे हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी और कहा कि पार्टी से संबंधित मामलों में यह युवा नेता उनका ‘बॉस’ होगा।





