कोलकाता के कंकुलिया रोड पर फायरिंग, देर रात कच्चा बम फेंके जाने की भी खबर; बंगाल पुलिस अलर्ट


कोलकाता: बंगाल पुलिस के अनुसार, बीती शाम राजधानी में फिर से हिंसा हुई, इस दौरान बदमाशों ने गोलपार्क के पास हंगामा किया और कथित तौर पर कंकुलिया रोड पर फायरिंग की और बम भी फेंके। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह हमला कुख्यात अपराधी सोना पप्पू के गैंग ने किया था। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
भाजपा ने राज्य सरकार पर साधा निशाना
वहीं इस घटना को लेकर भाजपा नेता दिलीप घोष ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘बंगाल में गुंडे माफिया का राज है। पुलिस भी उनके साथ मिली हुई है। सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। आम आदमी मारे जाते हैं। ये सब ममता बनर्जी के हाथ से बाहर है। ये सरकार जब तक रहेगी इससे बचाव संभव नहीं है।’
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:30 बजे गोलपार्क इलाके के कंकुलिया रोड पर दो गुटों के बीच झड़प हुई, जिसमें कच्चे बम फेंके गए, गोलियां चलाई गईं और पत्थरबाजी की गई। इस झड़प में कम से कम दो लोग घायल हुए हैं। इस दौरान बदमाशों ने कई कारों और बाइकों में तोड़फोड़ की गई, जिसमें एक पुलिस वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।




