‘ईरान को परमाणु कार्यक्रम खत्म करना होगा’, US ने युद्धविराम के लिए रखीं ये मांगें

अमेरिका: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष हर दिन और भी भयानक रूप ले रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों से क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, वहीं ईरान भी खाड़ी देशों और अमेरिकी ठिकानों पर जबरदस्त पलटवार कर रहा है। मिसाइल और ड्रोन हमलों की गड़गड़ाहट के बीच यह संघर्ष अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। इसी बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया कि अमेरिका एक विशाल बिजली उत्पादन संयंत्र को निशाना बनाने वाला था, लेकिन बातचीत को ध्यान में रखते हुए यह हमला टाल दिया गया।

‘भारत-इस्राइल के व्यापार गलियारे को नाकाम करना चाहता है ईरान’
पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई बातचीत पर इस्राइल के पूर्व प्रवक्ता, एलोन लेवी ने कहा, ‘इस्राइल के लिए समुद्री और क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि हम उस व्यापार गलियारे को विकसित कर सकें जिसे बनाने की कोशिश हम पिछले कुछ वर्षों से कर रहे हैं। 7 अक्टूबर के नरसंहार से पहले, दुनिया एक ऐसे व्यापार गलियारे को बनाने की बात कर रही थी जो भारत से शुरू होकर संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इस्राइल से होते हुए यूरोप तक जाएगा। ईरानी शासन उस व्यापार गलियारे को नाकाम करने की कोशिश कर रहा है। वह इस क्षेत्र में अराजकता और हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहा है, ताकि इस क्षेत्र में स्थिरता चाहने वाले लोग आगे न बढ़ सकें और समृद्ध न हो सकें। ईरानी शासन की होर्मुज जलडमरूमध्य को बाधित करने, दुबई हवाई अड्डे पर बमबारी करने, और इस क्षेत्र में नागरिकों और ऊर्जा ठिकानों पर बमबारी करने की क्षमता को खत्म करना बेहद जरूरी है, ताकि हम इस क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ – और सबसे बढ़कर भारत के महान लोगों के साथ साझा समृद्धि और आर्थिक बुनियादी ढांचा तैयार कर सकें।’

ईरान ने होर्मुज से लौटाया पाकिस्तान का जहाज
अफगानिस्तान में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में कहा है कि आईआरजीसी नौसेना ने पाकिस्तान के एक जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से लौटा दिया है। कंटेनर जहाज सेलेन ने कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया था और साथ ही उसके पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की जरूरी इजाजत भी नहीं थी। ईरानी दूतावास ने कहा कि होर्मुज से किसी भी जहाज को गुजरने के लिए ईरान की मेरीटाइम अथॉरिटी से पूरा समन्वय करना जरूरी है।

पश्चिम एशिया संकट पर सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
पश्चिम एशिया संकट पर आज भारत सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और किरेन रिजिजू भी शामिल होंगे। विदेश सचिव विक्रम मिसरी और पेट्रोलियम सचिव बैठक में शामिल सदस्यों को पश्चिम एशिया और ऊर्जा संकट पर जानकारी देंगे।

ईरान को मिला अमेरिका का युद्धविराम प्रस्ताव
पाकिस्तान के अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ईरान को अमेरिका का 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव मिल गया है। इससे पहले सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि अमेरिका ने ईरान को युद्धविराम प्रस्ताव भेजा है। राष्ट्रपति ट्रंप, ईरान के साथ युद्धविराम पर बातचीत करने की बात कह रहे हैं जबकि ईरानी सेना का दावा है कि ईरान की तरफ से कोई बातचीत नहीं की जा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस 15 सूत्रीय प्रस्ताव में ईरान को प्रतिबंधों से राहत, नागरिक परमाणु ऊर्जा सहयोग, अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी की निगरानी में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को वापस शुरू करना, मिसाइल कार्यक्रम को सीमित करना और होर्मुज पर जहाजों की मुक्त आवाजाही जैसे बिंदु हैं।

इस्राइली मीडिया चैनल 12 की रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान को भेजे गए 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव में जो शर्तें हैं, वो निम्न हैं-
समझौते में एक महीने के युद्धविराम पर चर्चा
ईरान की परमाणु हथियार बनाने की क्षमता खत्म करने पर बात
ईरान यूरेनियम संवर्धन बंद करेगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखा जाए और वहां से मुक्त आवागमन हो।
ईरान को अपने संवर्धित यूरेनियम को अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी को सौंपना होगा।
ईरान को अपने परमाणु केंद्रों जैसे नतांज, इस्फहान और फोर्डो को नष्ट करना होगा और इन्हें अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी की निगरानी में देना होगा।
ईरान को अपने क्षेत्रीय प्रोक्सी जैसे हमास, हिजबुल्ला को समर्थन देना बंद करना होगा।
ईरान को अपनी मिसाइलों की संख्या को भी सीमित करना होगा।
साथ ही ईरान को अपने मिसाइल कार्यक्रम को आत्म सुरक्षा तक ही सीमित करना होगा।

इस्राइली हमले में दक्षिणी लेबनान में नौ की मौत
दक्षिणी लेबनान में इस्राइल के हमले में नौ लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि फलस्तीनी शरणार्थी कैंप पर हुए हमले में छह लोगों की मौत हुई और एक अन्य जगह पर हुए हमले में तीन अन्य की मौत हुई है।

हिजबुल्ला का इस्राइल पर हमला
लेबनान और ईरान की बीच मतभेदों के बीच हिजबुल्ला ने बुधवार को इस्राइल पर करीब 30 रॉकेट्स दागे। ये हमले इस्राइल के साफेद शहर में किए गए, जिसके बाद साफेद में सायरन की आवाजें सुनी गईं।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button