घर में मिले दंपती व दो बच्चों के शव, फंदे पर लटका था पति, पत्नी फर्श पर, बिस्तर पर थे मासूम

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर में मिले। एक कमरे में पत्नी और दो बच्चों के शव थे, तो वहीं पति का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, सरवट निवासी इरशाद (32) पेंटर का काम करता था। मंगलवार सुबह उसका परिवार सोकर नहीं उठा और न ही उनके मकान का दरवाजा खुला। इरशाद के भाई नौशाद ने जब आकर देखा तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचित किया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे में प्रवेश किया तो इरशाद का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। वहीं, उसकी पत्नी नूरीन (28) फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी। घर के दो छोटे बच्चे, दो साल का बेटा आहिल और एक माह की बेटी अक्शा भी बिस्तर पर मृत पाए गए।

प्रशासनिक कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी प्राप्त की। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, इस घटना को आत्महत्या या हत्या के किस श्रेणी में रखा जाए, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच-पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर संभव सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।

आशंकाएं और अनिश्चितता
इस सामूहिक मृत्यु के पीछे के कारणों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी या किसी अन्य घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

ये बोले एसएसपी
एसएसपी संजय कुमार वर्मा का कहना है कि एक दिन पहले घर में ईदी के रुपयों को लेकर विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि इरशाद ने अपनी पत्नी व दोनों बच्चों की हत्या की, उसके बाद खुद फंदे पर लटककर जान दे दी। मगर पुख्ता तौर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल पर जांच कर रही है।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button