होर्मुज खोलने के लिए पाकिस्तान की दो-चरणीय योजना; ट्रंप आज रात 10:30 बजे करेंगे प्रेस वार्ता

पश्चिम एशिया इस समय युद्ध की आग में धधक रहा है, जहां हालात हर घंटे और ज्यादा खतरनाक होते जा रहे हैं। ईरान, अमेरिका और इस्राइल के बीच सीधी टक्कर अब भीषण रूप ले चुकी है। 37वें दिन में प्रवेश कर चुके इस संघर्ष में मिसाइल हमले, धमाके और जवाबी कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। शहरों में दहशत का माहौल है, लोग सहमे हुए हैं और हालात नियंत्रण से बाहर जाते दिख रहे हैं, जिससे बड़े युद्ध का खतरा लगातार गहराता जा रहा है।
पाकिस्तान का प्रस्ताव: होर्मुज खोलने के लिए दो-चरणीय योजना
पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका को होर्मुज जलसंधि को फिर से खोलने और शत्रुता समाप्त करने के लिए दो चरणीय योजना प्रस्तुत की है। रायटर्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रस्ताव ईरान और अमेरिका को सौंपा गया और इसमें तत्काल युद्धविराम के साथ आगे चलकर एक व्यापक समझौते की रूपरेखा शामिल है।
जानकारी देने वाले सूत्र ने कहा सभी तत्वों पर आज सहमति बननी चाहिए। प्रारंभिक समझौते को एमओयू के रूप में तैयार किया जाएगा और पाकिस्तान इसे वार्ता का एकमात्र माध्यम बनाकर अंतिम रूप देगा। रिपोर्ट के अनुसार, संभावित समझौते में ईरान परमाणु हथियार विकास से बचने का वचन देगा, जबकि आर्थिक प्रतिबंधों में ढील और विदेशी संपत्तियों को अनफ्रीज किया जाएगा।
ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के खुफिया प्रमुख मारे गए
फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के खुफिया संगठन के प्रमुख, मेजर जनरल सैयद मजीद खादेमी को अमेरिका-इस्राइल के कथित हमले में मार दिया गया। IRGC की आधिकारिक घोषणा के अनुसार, खादेमी की मौत अमेरिकी-इस्राइली दुश्मन द्वारा किए गए आतंकवादी हमले में हुई। घटना की और कोई विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
ट्रंप आज रात 10:30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
राष्ट्रपति ट्रंप सोमवार को अमेरिकी समय के अनुसार दोपहर 1 बजे (भारत में रात 10:30 बजे) व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
ईरान पर हवाई हमले तेज
सोमवार को इस्राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमलों की श्रृंखला में ईरान में 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में तेहरान ने इस्राइल और उसके खाड़ी क्षेत्र के सहयोगी देशों पर मिसाइलें दागीं। इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दी गई समयसीमा नजदीक आ गई है।
तेहरान में रातभर विस्फोटों की आवाजें गूंजती रहीं और राजधानी के ऊपर घंटों तक नीचे उड़ान भरते लड़ाकू विमानों की आवाज सुनाई देती रही। एक हमले में शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी परिसर के पास जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आजादी चौक के आसपास काले धुएं का गुबार उठता देखा गया।
इस्राइली अधिकारियों के अनुसार, हाइफा में एक रिहायशी इमारत के मलबे से दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। इसी दौरान सोमवार तड़के ईरान की ओर से उत्तरी इस्राइल पर नए मिसाइल हमले भी किए गए।
तेहरान प्रांत में अमेरिकी-इस्राइली हमले
ईरान की राजधानी तेहरान प्रांत में अमेरिकी और इस्राइली हमलों के दौरान चार लड़कियों और दो लड़कों समेत छह बच्चों की मौत हो गई। यह जानकारी ईरानी मीडिया एजेंसी फार्स न्यूज ने दी। रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला बहारेस्तान काउंटी के एक रिहायशी इलाके पर हुआ था, जहां पहले हुए हमले में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी।
इस्राइली सेना ने घोषणा की कि तेहरान में सरकारी ढांचे पर हमलों की एक लहर पूरी कर ली गई है। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी तेहरान में चार और बहारेस्तान काउंटी में 13 लोगों की मौत हुई है।





