पीएम का जनता से सीधा संवाद: पूर्व बर्धमान में रैली से पहले जारी किया वीडियो; भीड़ को देख बताया बंगाल का मिजाज


नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान में होने वाली रैली से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो जारी कर राज्य की जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने हेलीपैड पर जुटी भारी भीड़ को ‘अद्भुत दृश्य’ बताया और कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद लोगों का जोश कम नहीं हुआ है।
वीडियो में दिखा जनसैलाब
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि दोपहर से पहले ही तेज धूप के बावजूद लोग बड़ी संख्या में हेलीपैड पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि यह उनकी दिन की पहली सभा है और सभा स्थल पर पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग उनका इंतजार कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भीड़ में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी शामिल थे। यह दृश्य उनके लिए बेहद खास और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने इसे बंगाल की जनता के उत्साह और लोकतंत्र के प्रति उनकी आस्था का प्रतीक बताया। पीएम ने कहा कि सुबह करीब 11 बजे का समय होने के बावजूद गर्मी काफी तेज थी, लेकिन इसके बावजूद लोगों का जोश चरम पर था। उन्होंने राज्य में मिल रहे समर्थन को लेकर भी संतोष जताया।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चुनावी गतिविधियां अब चरम पर पहुंच चुकी हैं। सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बार राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। बता दें कि इस बार राज्य में मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा, जिसमें 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जिसमें बाकी 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। मतगणना 4 मई को होगी, जिसके बाद नई सरकार की तस्वीर साफ हो जाएगी।





