गुजरात: भाजपा ने नौ नगर निगमों में हासिल की जीत; छह अन्य में मतगणना जारी

गुजरात: गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने अब तक 15 में से नौ नगर निगमों में जीत हासिल कर ली है। राज्य में मंगलवार, 28 अप्रैल को कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती जारी रही। राज्य चुनाव आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, सत्तारूढ़ दल भाजपा ने सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, करमसद-आनंद, नडियाद, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी के नगर निगमों में कुल सीटों के आधे से अधिक पर जीत दर्ज की है। मोरबी नगर निगम में भाजपा ने सभी 52 सीटों पर कब्जा किया है। रविवार, 26 अप्रैल को 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन चुनावों को राज्य के सबसे बड़े चुनावी अभ्यासों में से एक माना गया। इसमें लगभग 9,200 सीटों पर 4.18 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता शामिल थे।

स्थानीय निकाय चुनाव में मतदान प्रतिशत
राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, नगर निगमों के लिए 55.1 फीसदी, नगर पालिकाओं के लिए 65.53 फीसदी, जिला पंचायतों के लिए 66.64 फीसदी और तालुका पंचायतों के लिए 67.26 फीसदी मतदान हुआ। नगर निगमों में, कच्छ जिले के नवगठित गांधीधाम में सबसे कम 46.03 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं, वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 72.29 फीसदी मतदान हुआ। अहमदाबाद नगर निगम में 51.81 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

चुनाव की प्रमुख बातें
नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आनंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर सहित नौ नवगठित नगर निगमों में पहली बार मतदान हुआ। चुनाव अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के संशोधित मानदंडों के तहत हुए, जिसके लिए कई जिलों में व्यापक परिसीमन और वार्ड पुनर्गठन की आवश्यकता थी। इन चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और आप मुख्य दावेदार थे, जबकि एआईएमआईएम ने भी कई क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे।

कांग्रेस ने 385 सीटों पर कब्जा किया
गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों की शुरुआती मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर मजबूत बढ़त बना ली है। चुनाव अधिकारियों ने जानकारी दी कि मंगलवार सुबह शुरू हुई गिनती के प्रारंभिक दौर में पार्टी ने अब तक 9,200 से अधिक सीटों में से 2,531 सीटों पर जीत दर्ज की है। राज्य निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने अब तक 385 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि निर्दलीय और अन्य दलों जिनमें आम आदमी पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन शामिल हैं ने 169 सीटों पर कब्जा किया है। प्रारंभिक रुझानों में भाजपा ने क्षेत्रवार भी बढ़त बनाए रखी है। पार्टी ने तालुका पंचायत में 1,165 सीटें, जिला पंचायत में 251, नगरपालिकाओं में 825 और नगर निगमों में 290 सीटें जीतकर अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे स्थिति मजबूत की है। वहीं कांग्रेस, जो मुख्य विपक्षी दल है, ने तालुका पंचायत में 235 सीटें, जिला पंचायत में 23, नगरपालिकाओं में 118 और नगर निगमों में 8 सीटें हासिल की हैं। अधिकारियों के अनुसार, राज्यभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू की गई।

निकाय चुनावों में भाजपा का दबदबा
अहमदाबाद नगर निगम की कुल 192 सीटों के नतीजे सामने आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों में भाजपा ने 54 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली है। वहीं विपक्षी पार्टी कांग्रेस 11 सीटों पर आगे चल रही है। उधर, मेहसाणा नगर निगम में भी भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा है। यहां की 52 सीटों में से 20 सीटों पर पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है। वार्ड नंबर 1, 6, 7, 10 और 11 में भाजपा उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। आदलाज, कलोल, मानसा और गांधीनगर क्षेत्रों में अधिकांश सीटों पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की। कलोल में घोषित 12 सीटों में से 8 पर भाजपा ने कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस को 4 सीटों से संतोष करना पड़ा। इन नतीजों से पूरे क्षेत्र में भाजपा की मजबूत स्थिति साफ नजर आती है।
इन चुनावों में उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से भी भाजपा सबसे आगे रही। पार्टी के चुनाव चिन्ह पर कुल 9,237 उम्मीदवार मैदान में थे। कांग्रेस ने 8,443 प्रत्याशी उतारे, जबकि आम आदमी पार्टी के सिंबल पर 5,261 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतगणना की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच संपन्न कराई जाएगी। अहमदाबाद में एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज और गुजरात कॉलेज जैसे केंद्रों पर मतगणना होगी। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं।

9000 से ज्यादा सीटों पर फैसला
इस चुनाव में कुल 15 नगर निगम, 84 नगरपालिकाएं, 34 जिला पंचायतें और 260 तालुका पंचायतें शामिल हैं। यानी राज्य में 9,000 से अधिक सीटों का भविष्य इस मतगणना से तय होगा। 26 अप्रैल में हुए मतदान के बाद यह राज्य के सबसे बड़े जमीनी स्तर के चुनावी मुकाबलों में से एक माना जा रहा है। आयोग के अनुसार, इस चुनाव में 32,748 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें से 26,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में बने रहे। कई सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button