भिवाड़ी में भीषण हादसा: साथलका गांव में गैस सिलिंडर लीकेज से भड़की आग, एक ही परिवार के सात लोग झुलसे

कोटपूतली-बहरोड़: भिवाड़ी के साथलका गांव स्थित बिल्लू लेबर कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में हुए लीकेज के चलते अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसमें एक ही परिवार के सात लोग बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश निवासी 35 वर्षीय नेम सिंह अपने परिवार के साथ कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहा था। सुबह वह खाना बनाने के दौरान गैस सिलिंडर बदल रहा था। इसी दौरान नए सिलिंडर से गैस का रिसाव होने लगा। कुछ ही पलों में कमरे में एलपीजी गैस फैल गई और आग के संपर्क में आते ही तेज धमाके के साथ आग ने विकराल रूप ले लिया।

हादसे में नेम सिंह, उनकी पत्नी ममता (30), मामा बृजेश (32) और चार बच्चे पंकज (8), छगन (6), काजल (15) और किशनबती (12) आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए, खासतौर पर बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जलते हुए सिलिंडर को लोग कमरे से बाहर खींचकर दूर ले जाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, वरना आग आसपास के अन्य कमरों तक भी फैल सकती थी।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालकर तुरंत भिवाड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को अलवर रैफर कर दिया गया।

सूचना पर पहुंची भिवाड़ी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह गैस सिलिंडर से लीकेज मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button