अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी से की मुलाकात, शॉल पहनाते हुए बोले- आप हारीं नहीं, अच्छा लड़ीं


पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद अखिलेश यादव बंगाल पहुंचे हैं। वहां उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात की। बंगाल में 15 साल पुराने टीएमसी शासन के खात्मे और भाजपा की प्रचंड जीत के बाद यह पहली मुलाकात है। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि भाजपा को दीदी हमेशा से खटकती रही हैं। अखिलेश का मानना है कि भले ही इस बार आंकड़े पक्ष में न रहे हों, लेकिन ममता बनर्जी ने एक योद्धा की तरह मुकाबला किया है।
ममता बनर्जी खुद अखिलेश यादव को रिसीव करने के लिए गेट तक आईं, जबकि उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश को गले लगाकर उनका स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया और कहा, दीदी, आप हारी नहीं हैं। अखिलेश ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के हौसले की तारीफ करते हुए कहा कि आप लोगों ने जिस तरह से चुनाव लड़ा, वह वाकई काबिले तारीफ है।
चुनाव नतीजों के बाद राहुल गांधी ने भी मिलाया था फोन
राहुल गांधी ने चुनावी नतीजों के तुरंत बाद ममता बनर्जी से बात की थी। इस दौारन उन्होंने कहा था कि सांप्रदायिकता के खिलाफ अब हम सभी को मिलकर लड़ना होगा। राहुल ने दीदी से अपील की कि देश की सेक्युलर ताकतों को अब एक मंच पर मजबूती के साथ आने की जरूरत है। राहुल गांधी की इन बातों का जवाब देते हुए ममता बनर्जी ने अपनी नाराजगी जाहिर की और आरोप लगाया कि इस चुनाव में केंद्रीय एजेंसियों और चुनाव आयोग का जमकर दुरुपयोग किया गया है, जिसके कारण नतीजे ऐसे रहे हैं।
बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे क्या रहे?
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा ने राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 207 सीटों पर कब्जा जमाया है। इस जीत के साथ ही भाजपा ने दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर लिया है और बंगाल में टीएमसी के 15 साल के राज को खत्म कर दिया है। दूसरी ओर, ममता बनर्जी की पार्टी महज 80 सीटों पर सिमट कर रह गई है। इस हार के बाद ममता बनर्जी ने अब अपनी पूरी ताकत ‘इंडिया’ गठबंधन को मजबूत करने में लगाने का संकल्प लिया है।






