टीवीके को समर्थन देना है या नहीं, शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताएगी वीसीके


चेन्नई: थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाली VCK, राज्य में सरकार बनाने में विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने पर अपना आधिकारिक रुख आज घोषित करेगी। VCK के प्रवक्ता के.के. पावलन ने बताया कि थिरुमावलवन शाम 4 बजे यह घोषणा करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी की उच्च-स्तरीय समिति ने शुक्रवार को उन्हें यह घोषणा करने के लिए अधिकृत किया था। हालांकि वामपंथी दलों ने पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर दिया है, लेकिन थिरुमावलवन शुक्रवार शाम से ही इस घोषणा को टालते आ रहे हैं।
टीटीवी दिनाकरण ने टीवीके के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टी एएमएमके ने गुइंडी पुलिस थाने में टीवीके के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में एएमएमके ने आरोप लगाया है कि टीवीके ने उनके समर्थन का फर्जी पत्र इस्तेमाल किया ताकि बहुमत साबित किया जा सके। यह शिकायत एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरण ने दर्ज कराई है। अधिकारियों का कहना है कि अभी इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। एएमएमके के राज्य में एकमात्र विधायक मन्नारगुडी सीट से विधायक एस कामराज हैं। दिनाकरण ने कहा टीवीके, जो खुद को पवित्र बताती है, वह फर्जीवाड़े और विधायकों की खरीद फरोख्त में शामिल है। हालांकि टीवीके ने एएमएमके के आरोपों को खारिज कर दिया और एक वीडिया जारी किया, जिसमें विधायक कामराज खुद समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर करते दिखे।
डीएमके नेता टीकेएस एलंगोवन बोले- विजय को अकेले करना चाहिए था सरकार बनाने का दावा
तमिलनाडु में सरकार बनाने की खींचतान पर डीएमके नेता टीकेएस एलंगोवन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि टीवीके प्रमुख विजय को शुरुआत में अकेले ही राज्यपाल के पास जाना चाहिए था। विजय ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था, इसलिए उनकी पार्टी के पास 107 सीटें थीं।
एलंगोवन के अनुसार, अगर विजय सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर अकेले दावा पेश करते, तो राज्यपाल उन्हें सरकार बनाने का न्योता दे सकते थे। इसके बाद उन्हें सदन में अपनी ताकत साबित करने का मौका मिलता। लेकिन विजय ने दूसरी पार्टियों को साथ लिया और यह संख्या 112 तक पहुंच गई। 112 का आंकड़ा भी बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों से कम है। जब विजय ने गठबंधन के साथ दावा किया, तो राज्यपाल अब पूर्ण बहुमत मिलने का इंतजार कर रहे हैं। यही वजह है कि राज्यपाल उन्हें सरकार बनाने के लिए नहीं बुला रहे हैं। अब विजय को सरकार बनाने के लिए पूर्ण बहुमत का आंकड़ा पार करना होगा।
तमिलनाडु के विधायकों को बंगलूरू शिफ्ट करने की खबरें गलत: डीके शिवकुमार
तमिलनाडु के कांग्रेस विधायकों को बेंगलुरु भेजने की चर्चाओं पर कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह से झूठ बताया है। शिवकुमार ने कहा कि कोई भी विधायक बेंगलुरु के ईगलटन रिसॉर्ट नहीं पहुंचा है। उन्होंने उन दावों को भी गलत बताया जिनमें कहा जा रहा था कि विधायक हैदराबाद चले गए हैं। शिवकुमार ने साफ किया कि उन्हें ऐसी किसी भी बात की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने इस विषय पर उनसे कोई चर्चा नहीं की है। शिवकुमार के अनुसार, अगर हाईकमान कुछ कहते हैं तो स्थिति अलग होती, लेकिन अभी तक ऐसी कोई बात नहीं हुई है।






