रूस ने यूक्रेन के विभिन्न इलाकों पर ड्रोन से किए हमले


कीव: रूस ने बुधवार को ड्रोन के जरिए यूक्रेन के विभिन्न इलाकों को निशाना बनाया। इससे पहले मिसाइलों के हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”रूस लगातार हमले कर रहा है और वह यह सब बेशर्मी से कर रहा है। जानबूझकर हमारे रेलवे ढांचे और हमारे शहरों में नागरिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है।” जेलेंस्की के अनुसार, रात भर हमलों में मध्य नीप्रो और उत्तरपूर्वी खारकीव क्षेत्रों में यूक्रेन के आवासीय और रेलवे बुनियादी ढांचे, दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में बंदरगाह बुनियादी ढांचे और मध्य पोल्तावा क्षेत्र में ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को दिन भर में 14 क्षेत्रों पर हमले हुए।
दुनिया का ध्यान ईरान युद्ध की ओर अधिक केंद्रित होने का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने कहा, ”यूक्रेन का समर्थन करना और रूस के युद्ध पर चुप न रहना महत्वपूर्ण है। जब भी यह युद्ध खबरों की सुर्खियों से गायब हो जाता है, तो इससे रूस को और अधिक क्रूर बनने का हौसला मिलता है।”
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि रूस और यूक्रेन जल्द ही लड़ाई खत्म करने के लिए एक समझौते पर पहुंच जाएंगे। बींिजग में शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ से रवाना होते समय ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ”मुझे लगता है कि यूक्रेन युद्ध का अंत बहुत करीब आ रहा है। मानो या न मानो, यह सच में करीब आ रहा है।”
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले सप्ताहांत एक भाषण में कहा था कि यूक्रेन पर उनके देश की सैन्य कार्रवाई संभवत? ”खत्म होने वाली है।” यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइल हमलों ने रूस के अंदरूनी हिस्सों में ऊर्जा ढांचों और विनिर्माण इकाइयों को नुकसान पहुंचाया है। बुधवार को रूस के तीन क्षेत्रों में हमले हुए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रूसी क्षेत्रों, क्रीमिया प्रायद्वीप, आजोव सागर और काला सागर के ऊपर 286 यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया।






