पीओके में मारा गया पुलवामा हमले का गुनहगार हमजा बुरहान, मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी


मुजफ्फराबाद: पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में कथित तौर पर अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा हत्या कर दी गई है। यूएनआई के मुताबिक, मुजफ्फराबाद में हुए हमले में हमजा बुरहान को कई गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, इस घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कैसे मारा गया हमला
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुजफ्फराबाद के एआईएसएस कॉलेज के बाहर हमजा की कार सड़क पर जाम में फंसी हुई थी, तभी हमलावरों ने उस पर कई गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलवार बाइक से आए थे और उन्होंने बुर्का पहन रखा था।
हमजा बुरहान दक्षिण कश्मीर में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने और उन्हें आतंकी संगठनों में भर्ती करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। हमजा बुरहान को केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 में आतंकवादी घोषित किया था। रिपोर्ट्स की मानें तो पाकिस्तान में हमजा अपनी पहचान छिपाने के लिए एक स्कूल में प्रिंसिपल के तौर पर काम कर रहा था। अपने लोगों के बीच वह डॉक्टर के नाम से प्रसिद्ध था। हमजा मारे गए आतंकियों अबू दुजाना, अबू कासिम, बुरहान वानी और जाकिर मूसा का करीबी सहयोगी था।
कौन है हमजा बुरहान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुरहान का असली नाम अर्जुमंद गुलजार डार है।
हमजा बुरहान पुलवामा के रत्नीपोरा का रहने वाला था।
2017 में पाकिस्तान जाकर हमजा आतंकवादी संगठन अल बद्र में शामिल हो गया।
अल बद्र को भारत में एक आतंकवादी संगठन के तौर पर लिस्ट किया गया है
हमजा अल बद्र के कमांडर के तौर पर काम कर रहा था।
भारत के गृह मंत्रालय ने 2022 में उसे एक आतंकवादी घोषित कर दिया था।
पुलवामा हमले में बलिदान हुए थे 40 जवान
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ बस पर आत्मघाती हमला हुआ था। एक हमलावर ने विस्फोटकों से भरी एक कार सीआरपीएफ के काफिले से टकरा दी थी। इस हमले में 40 भारतीय जवान बलिदान हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान में स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। यह हमला देश में हुए सबसे भीषण आतंकी हमलों में से एक था। कहते हैं कि विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि मीलों दूर तक सुनी गई थी औ सड़क पर काफी गहरा गड्ढा हो गया था।





