केरल में मुस्लिम समुदाय ने पारंपरिक तरीके से बकरीद मनाई


तिरुवनंतपुरम: केरल में मुस्लिम समुदाय ने बृहस्पतिवार को बकरीद मनाई और कुर्बानी के इस त्योहार पर राज्य भर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने वालों की भीड़ दिखी। ईद-अल-अजहा या बकरीद को पारंपरिक तरीके से मनाने के लिए बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों और विशेष रूप से व्यवस्थित ईदगाहों में सुबह की नमाज के लिए एकत्रित हुए।
मुस्लिम धर्म गुरुओं और विद्वानों ने मस्जिदों में लोगों को संबोधित किया और ईद के संदेश पढकर उनसे इस्लामी मूल्यों और आदर्शों को बनाए रखने का आग्रह किया। कई स्थानों पर, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों ने गरीबों और जरूरतमंदों के लिए राहत और दान कार्यक्रम आयोजित किए।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन सहित कई अन्य लोगों ने इस अवसर पर जनता को शुभकामनाएं दीं।






