4 जून को केरल पहुंचेगा मानसून, तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी; उत्तर में फिलहाल गर्मी से राहत नहीं


नई दिल्ली: मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए हालात अनुकूल बन रहे हैं और अगले दो से तीन दिनों में इसके केरल पहुंचने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तमिलनाडु के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर भारत में बारिश से मिली राहत अब खत्म होने वाली है और अगला हफ्ता भीषण गर्मी सताएगी। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश के भी आसार हैं, लेकिन तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जाएगी।
तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, तिरुपुर, डिंडीगुल, तेनकासी, तिरुनेलवेल्ली, कन्याकुमारी, इरोड, नमक्कल, सलेम, धर्मापुरी, कृष्णागिरी, तिरुपुत्तुर, वेल्लोर, थिरुवन्नामलाई , रानीपेट और मदुरै जिलों में अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। यह स्थिति 7 जून तक बनी रह सकती है। इसके विपरीत, उत्तर तटीय तमिलनाडु, जिसमें राजधानी चेन्नई भी शामिल है, भीषण गर्मी और अत्यधिक नमी के कारण असहज मौसम झेल रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि उच्च तापमान और आर्द्रता के संयोजन से क्षेत्र में लू जैसी परिस्थितियां बन रही हैं।
क्षेत्रीय मौसम केंद्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिनमें राजधानी चेन्नई भी शामिल है। उत्तर तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि की संभावना जताई गई है।





