Karnataka Oath Ceremony: शपथ से पहले येदियुरप्पा से मिले शिवकुमार, कहा- राज्य के हित में मिलकर करेंगे काम

Karnataka CM Oath Ceremony: कर्नाटक में आज डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे लोकभवन में होगा। कार्यक्रम में कई वीवीआईपी मेहमानों के भी शामिल होने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम को देखते हुए बंगलूरू प्रशासन ने कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया है और लोकभवन के आसपास खास इंतजाम किए गए हैं।
शपथ से पहले भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा से मिले डीके शिवकुमार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार ने शपथ ग्रहण से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद शिवकुमार ने कहा कि येदियुरप्पा ने राज्य का नेतृत्व किया है और उनके अनुभव से सभी को मार्गदर्शन मिला है।
डीके शिवकुमार के साथ 14 मंत्री लेंगे शपथ
कर्नाटक में नई कांग्रेस सरकार के गठन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए डीके शिवकुमार बुधवार शाम बेंगलूरू के लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ 14 मंत्रियों को भी कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों की सूची को कांग्रेस आलाकमान ने मंजूरी दे दी है। कांग्रेस नेता एमबी पाटिल ने मंत्री पद के लिए अपने चयन की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें डीके शिवकुमार ने इसकी जानकारी दी और उन्होंने नए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दी हैं।
इस बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी परमेश्वर ने शिवकुमार से मुलाकात की, जिसके बाद उनके उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसके अलावा सतीश जारकीहोली, रामलिंगा रेड्डी, एमबी पाटिल, प्रियांक खरगे और यतींद्र सिद्धारमैया के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई शीर्ष नेता शामिल होंगे। इनमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला प्रमुख हैं। कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी समारोह में मौजूद रह सकते हैं।
इन नेताओं को बनाया जा सकता है मंत्री
डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली सरकार में जिन नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है, उनमें जी परमेश्वर, प्रियांक खरगे, एमबी पाटिल, यतिंद्र सिद्धारमैया, सतीश जारकिहोली, शिवराज तंगादागी, रूपाकला शशिधर, यूटी खादेर, आर रामलिंगा रेड्डी, कृष्णा बायेर गौडा शामिल हैं।
बंगलूरू में तैयारियां जोरों पर
बंगलूरू में शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। लोकभवन के बाहर सड़कों पर जगह-जगह बैनर, पोस्टर लगे हुए हैं और सजावट की गई है।
मंत्रियों की संख्या पर सस्पेंस बरकरार
डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री पद की शपथ को लेकर कांग्रेस विधायक शरण प्रकाश पाटिल ने कहा, ‘यह एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। नई सरकार निश्चित रूप से अच्छा काम करेगी।’ कैबिनेट गठन को लेकर उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का पुनर्गठन किया जा रहा है, इसलिए मंत्री पद के कई दावेदार होना स्वाभाविक है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। शरण प्रकाश पाटिल ने आगे कहा, ‘संभवतः मुख्यमंत्री के साथ कल 14 अन्य नेता भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।’
इससे पहले एक कांग्रेस विधायक ने 9 मंत्रियों के शपथ लेने की बात कही थी। ऐसे में मंत्रियों की संख्या पर सस्पेंस बरकरार है।
नए युग की शुरुआत और 2028 का लक्ष्य
कांग्रेस विधायक शरत कुमार बच्चेगौड़ा ने इस शपथ ग्रहण समारोह को कर्नाटक के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान जल्द ही उन मंत्रियों के नामों की घोषणा करेगा जो शिवकुमार के साथ शपथ लेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिद्धारमैया के पिछले तीन साल और उससे पहले के पांच साल के कार्यकाल में लागू किए गए अच्छे प्रशासन और सामाजिक न्याय के कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखा जाएगा। कांग्रेस का मुख्य ध्यान अब 2028 के आगामी विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव पर है। पार्टी इस बदलाव के जरिए चुनाव के लिए मजबूत माहौल तैयार करना चाहती है।






