वरिष्ठ राकांपा नेता वलसे पाटिल ने शरद पवार से भेंट की, किसानों के मुद्दों पर चर्चा की


मुंबई: राकांपा के वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने बृहस्पतिवार को यहां राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की और किसानों के मुद्दों, विशेष रूप से प्याज की कीमतों और चीनी उद्योग के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि मुलाकात के दौरान राजनीतिक मामलों पर कोई बातचीत नहीं हुई।
दोनों की मुलाकात दक्षिण मुंबई के सिल्वर ओक में पवार के आवास पर हुई। भेंट के बाद पाटिल ने पत्रकारों से कहा कि पवार के साथ उनकी मुलाकात को लेकर अनावश्यक अटकलें लगाने का कोई कारण नहीं है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री पाटिल ने कहा कि यह भेंट ‘वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट’ और उनसे जुड़े शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित मामलों के साथ-साथ किसानों को प्रभावित कर रहे मुद्दों पर चर्चा करने के लिए थी।
उन्होंने कहा, “इन संस्थानों के कामकाज के संबंध में जब भी हमारी मुलाकात होती है तो हम राजनीति पर बिल्कुल भी चर्चा नहीं करते।” चर्चा महाराष्ट्र में प्याज की कीमतों की स्थिति और आगामी पेराई सत्र में चीनी उद्योग की संभावित चुनौतियों पर केंद्रित थी। पाटिल ने कहा कि पवार को हाल में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल की दिल्ली यात्रा तथा किसानों की ंिचताओं को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ंिसह चौहान और अन्य केंद्रीय नेताओं से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बारे में बताया गया।
उन्होंने कहा, ”दिल्ली में मुलाकात के बाद अमित शाह जी ने कहा था कि प्याज के मुद्दे और चीनी उद्योग की समस्याओं पर 10 दिनों के भीतर निर्णय ले लिया जाएगा। मुझे विश्वास है कि 10 जून तक निर्णय आ जाएगा।” पवार के कृषि संबंधी मुद्दों से लंबे समय से जुड़े रहने पर प्रकाश डालते हुए पाटिल ने कहा कि अनुभवी नेता ने प्याज उत्पादकों, गन्ना किसानों और अन्य किसानों से संबंधित मामलों में लगातार रुचि दिखाई है।
उन्होंने कहा कि पवार को इन मुद्दों की विस्तृत जानकारी दी गई थी और उनसे सुझाव देने का अनुरोध किया गया था। पाटिल ने कहा, ”इन मुद्दों के अलावा किसी अन्य विषय पर चर्चा नहीं हुई।” पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार द्वारा खाली की गई राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए उपचुनाव निर्धारित होने पर पार्टी के भीतर उम्मीदवारों के बारे में पूछे जाने पर, पाटिल ने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता संगठन के पीछे एकजुट रहेंगे।






