ओमान तट के निकट एक पोत से जुड़ी घटना पर ‘करीबी नजर’ रख रहा है भारत


दुबई: खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह ओमान के शिनास बंदरगाह के निकट एक पोत से जुड़ी घटना पर ”करीबी नजर” रखे हुए है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हमें आज सुबह ओमान के शिनास बंदरगाह के निकट एक पोत से जुड़ी घटना की जानकारी मिली है।
हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिक जानकारी के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।” हालांकि, दूतावास ने घटना के बारे में कोई अतिरिक्त विवरण साझा नहीं किया।
इस बीच, भारतीय नाविकों के संगठन ‘फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन आॅफ इंडिया’ (एफएसयूआई) ने एक जहाज से घना धुआं उठते हुए कुछ तस्वीरें जारी कीं। यूनियन का कहना है कि उस पोत पर करीब 20 भारतीय नाविकों के सवार होने की आशंका है। हालांकि, यह तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी कि यह वही जहाज है या नहीं, जिसके संबंध में मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच पर जानकारी साझा की है।
भारतीय दूतावास के इस बयान से एक दिन पहले भारत ने बुधवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया था और ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों के मारे जाने की पुष्टि की।
इससे पहले, सोमवार को ओमान तट के निकट एक व्यापारी तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले के बाद ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर टैंकर पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था।






