आम श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या पहुंचना मुश्किल हुआ: बृजभूषण सिंह

गोंडा: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या में की गई सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम श्रद्धालुओं के लिए वहां पहुंचना कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर आंदोलन को मजबूत किया, वही आज सबसे ज्यादा उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले बृजभूषण ने भाजपा नेता विनय कटियार के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने आंदोलन से जुड़े लोगों की उपेक्षा का मुद्दा उठाया था। बृजभूषण ने कहा कि यह सवाल पूरी तरह सही है कि मंदिर निर्माण के बाद सबसे ज्यादा परेशानी उन्हीं लोगों को हुई, जिन्होंने आंदोलन में बड़ा योगदान दिया था।

उन्होंने कहा, “राम मंदिर आंदोलन में देवीपाटन, बस्ती मंडल और अयोध्या से जुड़े लोगों ने धन, जनशक्ति और हरसंभव सहयोग दिया था। पहले हजारों श्रद्धालु नियमित रूप से अयोध्या जाकर नागेश्वर नाथ मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन करते थे। कई लोग दर्शन किए बिना पानी तक नहीं पीते थे।”

बृजभूषण ने दावा किया कि अयोध्या और उसके आसपास लगाए गए सुरक्षा बैरियर 200 रुपये देने पर हटा दिए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ अयोध्या के स्थानीय लोगों को भी सुरक्षा के नाम पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बृजभूषण ने कहा कि वह खुद अभी तक राम मंदिर के दर्शन करने नहीं गए हैं। उन्होंने कहा कि जब आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेता विनय कटियार को भी दर्शन के दौरान पहचान और पास संबंधी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है, तो आम श्रद्धालुओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पूर्व सांसद ने कहा, “हमको तो दर्शन करने जाने भी नहीं देंगे। सब लट्ठ बजा देंगे। हमसे तो नाराज रहते हैं।” उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था को अधिक सहज और सरल बनाया जाना चाहिए।

बृजभूषण ने दावा किया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी का असर आसपास के क्षेत्रों में चुनावी नतीजों पर भी पड़ा है। हाल में अपने विधायक बेटे और खुद को मिली कथित धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण ने कहा कि वह इसे गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा, “सार्वजनिक जीवन में ऐसी धमकियां मिलती रहती हैं। संभव है कि यह किसी सिरफिरे व्यक्ति की हरकत हो। हम ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। हमारा ध्यान जनता से जुड़े मुद्दे उठाने पर है।”



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button