मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य भवन का औचक दौरा किया, अस्पताल निगरानी प्रणाली की प्रगति की समीक्षा की

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय स्वास्थ्य भवन का अचानक दौरा किया और मरीजों की देखभाल में सुधार के उद्देश्य से शुरू की गई अस्पताल निगरानी प्रणाली की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीधी निगरानी प्रणाली शहर के 15-16 सरकारी अस्पतालों और कुछ जिलों में पहले से ही लागू है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस सुविधा का विस्तार 30 जुलाई तक सभी अनुमंडलीय अस्पतालों में किया जाए।

अधिकारी ने कहा, “मैंने निर्देश दिया है कि सीधी (लाइव) निगरानी प्रणाली का विस्तार 30 जुलाई तक सभी अनुमंडलीय अस्पतालों में किया जाए। यह निगरानी केवल आपातकालीन वार्ड और ओपीडी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें रसोई, पार्किंग क्षेत्र, उचित मूल्य वाली दवा दुकानें और जनऔषधि केंद्र भी शामिल होंगे ताकि पारर्दिशता, स्वच्छता और मरीजों को बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके।” उन्होंने यह भी कहा कि इससे सरकारी अस्पतालों में दलालों की गतिविधियों पर रोक लगेगी।

निगरानी सुविधा का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और घोषणा की कि दक्षिण कोलकाता स्थित सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में दुर्गा पूजा से पहले 250 बिस्तर बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल की आईसीयू क्षमता को करीब 112 बिस्तरों से बढ़ाकर 200 बिस्तर करने का भी निर्देश दिया, ताकि मरीजों पर पड़ने वाला दबाव कम किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया और ट्रॉमा सेंटरों की क्षमता बढ़ाने को कहा ताकि वे एक साथ कम से कम 250 मरीजों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करा सकें। उन्होंने कहा कि बड़ी दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों को देखते हुए ऐसी सुविधा जरूरी है।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button