चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म: पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, देर रात युवती को लिफ्ट देकर की थी हैवानियत

चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म: फरीदाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मां से नाराज होकर घर से निकली एक 28 वर्षीय युवती को लिफ्ट देकर कार सवार दो युवकों ने अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोप है कि दो घंटे से अधिक समय तक आरोपियों ने युवती को कार में फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर घुमाया। दुष्कर्म के बाद देर रात लगभग 3 बजे महिला को एसजीएम नगर स्थित मुल्ला होटल के पास चलती कार से फेंककर आरोपी कार भगा ले गए। युवती को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने ईको गाड़ी बरामद की, दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर सैल की मदद से तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को देर रात हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ के बाद इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। ईको गाड़ी बरामद कर ली गई है। टीआईपी प्रक्रिया के चलते अभी आरोपियों के नाम व फोटो उजागर नहीं किए जा सकते। आरोपियों को कुछ देर बाद अदालत में पेश किया जाएगा। पीड़िता के बयान लेने के भी टीम प्रयास कर रही है।

घर में मां से हुई कहासुनी
पीड़िता फरीदाबाद की ही रहने वाली है। पीड़िता की बहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात लगभग साढ़े 8 बजे उनके पास बहन की कॉल आई थी। उसे बताया गया कि घर में मां से कहासुनी हो गई है और मैं अपनी सहेली के घर जा रही हूं। पीड़िता ने कहा था कि सहेली के घर से 2-3 घंटे में वापस आ जाऊंगी। देर रात लगभग 12 बजे युवती दो नंबर चौक से कल्याणपुरी तीन नंबर चौक तक जाने के लिए सवारी वाहन के इंतजार में थी। इस दौरान एक वैन आकर रुकी जिसमें दो युवक सवार थे। आरोप है कि लिफ्ट देने के बाद दोनों युवक वैन को कल्याणपुरी चौक की बजाय गुरुग्राम रोड की ओर ले जाने लगे।

युवती को चलती वैन से फेंका
फरीदाबाद-गुरुग्राम मार्ग स्थित हनुमान मंदिर से आगे जाकर एक आरोपी कार चलाता रहा जबकि दूसरे ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। लगभग दो घंटे तक आरोपी वैन को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर घुमाते रहे। युवती ने विरोध भी किया, लेकिन आरोपियों से बच नहीं सकी। देर रात करीब 3 बजे आरोपियों ने एसजीएम नगर के राजा चौक स्थित मुल्ला होटल के पास युवती को चलती वैन से फेंका और निकल गए। सड़क पर गिरने से युवती के चेहरे व अन्य हिस्सों पर चोट लगी। उसके चेहरे पर टांके लगाए गए हैं।

देर रात पीड़िता ने अपनी बहन को कॉल कर इस बारे में बताया। बहन मौके पर पहुंची तो देखा कि पीड़िता बदहवास हालत में थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। बाद में हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर किया, लेकिन परिजनों ने फरीदाबाद के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button