ग्वालियर में कलश यात्रा के दौरान हुई भगदड़ में एक महिला की मौत, कई अन्य घायल

ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा कस्बे में मंगलवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई और एक बच्ची समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ग्वालियर से करीब 45 किलोमीटर दूर डबरा में पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नरोत्तम मिश्रा द्वारा निर्मित नवग्रह मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर मंगलवार को कलश यात्रा का आयोजन किया गया।

ग्वालियर की जिलाधिकारी रुचिका चौहान ने संवाददाताओं से कहा कि मंगलवार सुबह डबरा के स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाएं कलश लेने के लिए इकट्ठा हुई थीं। इसी दौरान धक्का-मुक्की होने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में रति साहू (70) की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं और एक बच्ची घायल हो गईं।

चौहान के अनुसार, घायलों में से तीन का इलाज ग्वालियर में और चार का डबरा में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल डबरा में स्थिति शांतिपूर्ण है और व्यवस्थाओं पर पूरी नजर रखी जा रही है। ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अरंिवद सक्सेना ने बताया कि कलश वितरण के दौरान एक साथ बड़ी संख्या में महिलाएं आगे बढ़ गईं, जिससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई और एक महिला की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि आयोजन को देखते हुए डबरा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा व्यवस्थाओं को और भी पुख्ता किया जा रहा है।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button